Kasganj: महाविद्यालयों की इस लापरवाही की वजह से 1500 विद्यार्थी परेशान, जानें पूरा मामला
जिले के दो महाविद्यालयों की लापरवाही से 1500 विद्यार्थी परेशान हैं। इन विद्यार्थियों का परीक्षाफल अटक गया है।
विस्तार
कासगंज में महाविद्यालयों की लापरवाही से 1500 छात्र परेशान हैं। इन छात्र छात्राओं के परीक्षा परिणाम अटके हुए हैं। परीक्षाफल घोषित हो जाने के बाद भी परिणाम की जानकारी न मिल पाने से वे बेचैन हैं। यह स्थिति महाविद्यालयों द्वारा शुल्क जमा न किये जाने से होना बताया जा रहा है।
जिले के महाविद्यालय डॉ. बीआर आंबेडकर विश्व विद्यालय से संबद्ध हैं। स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष तथा परास्नातक अंतिम वर्ष 2021-22 की परीक्षाएं इसी विश्व विद्यालय के माध्यम से संपन्न हुईं। महाविद्यालयों को परीक्षा में शामिल होने वाली परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय को जमा करनी होती है, लेकिन इस कार्य में महाविद्यालयों की लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि जिले के दो महाविद्यालयों ने परीक्षा शुल्क आदि जमा ही नहीं किया।
उधर विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम घोषित करने शुरू कर दिए हैं, लेकिन जिन महाविद्यालयों ने शुल्क जमा नहीं किए उनके परीक्षा परिणाम ऑनलाइन प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, जिससे छात्रों की चिंता बढ़ गई हैं।
ये बोले छात्र
विश्व विद्यालय से 30 जुलाई को परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया, लेकिन अभी तक उनको अपने परिणाम की जानकारी नहीं मिल सकी है। जिससे अग्रिम कक्षा में प्रवेश की समस्या आ रही है -बंशी मूना, छात्र बीकॉम द्वितीय वर्ष केए महाविद्यालय
विश्व विद्यालय से 18 अगस्त को परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। जब परिणाम जानने के लिए विवि की साइट खोली तो परिणाम की जानकारी नहीं हो सकी। जिससे चिंता हो रही है। एम की कक्षा में प्रवेश नहीं हो पा रहा- वंशिका सक्सेना, छात्रा बीए तृतीय वर्ष एमजी डिग्री कॉलेज
जल्द होगा समाधान
एमजी डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रानू शर्मा विश्व विद्यालय को जो शुल्क जमा किए जाता है उसमें अंतर आने की बजह से अभी तक शुल्क जमा नहीं किया जा सका है। इस समस्या का निस्तारण करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि छात्र छात्राओं का अहित न हो सके।