Agra: बिहार के युवक की आत्महत्या के मामले में नहीं हुई कार्रवाई, परिजन लगा रहे न्याय की गुहार
बिहार के युवक का शव 22 दिसंबर 2021 को आगरा के एक होटल के कमरे में लटका मिला था। इस मामले में मृतक के परिजनों ने ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विस्तार
आगरा के ताजगंज स्थित होटल में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई ना होने से परिजन भटकने को मजबूर हैं। मामले में युवक के ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। नौ महीने बाद भी मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गोपालगंज बिहार निवासी हिमांशु कुमार (30) पटना में एक बैंक में सेल्स मैनेजर थे। उनके मित्र निहाल ने बताया कि हिमांशु की शादी मिर्जापुर की रहने वाली प्रतीक्षा से हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुरालवाले हिमांशु को परेशान करने लगे। उन्होंने गलत आरोप लगाते हुए मुकदमा भी दर्ज करा दिया। इस पर पुलिस कार्रवाई शुरू हो गई।
हिमांशु ताजगंज के तोरा चौकी स्थित एक होटल में रुका था। 22 दिसंबर 2021 को उसका शव फंदे से लटका मिला था। उसका एक वीडियो भी मिला था, जिसमें उसने अपने ससुरालियों को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
22 जुलाई को दर्ज हुआ था मुकदमा
निहाल ने बताया कि आगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इस पर पटना में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। 22 जुलाई को थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। तब से अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। परिजन भटकने को मजबूर हैं। वह एडीजी जोन और आईजी रेंज से भी मामले की शिकायत कर चुके हैं।
थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार बालियान का कहना है कि मामले में विवेचना की जा रही है। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। युवक के खिलाफ पहले से उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज था। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।