मैनपुरी: जिले में आज और कल तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश, किसान चिंतित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैनपुरी जिले में अगले दो दिनों में बारिश हो सकती है। यह पूर्वानुमान कृषि विज्ञान केंद्र ने जारी किया है। इसके अनुसार 12 और 13 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार है। अगर बारिश होगी तो किसानों को फसलों में नुकसान उठाना पड़ सकता है। कुछ फसलों का काम भी प्रभावित होगा। इससे किसान चिंतित हैं।
इस बार होली से पहले ही मौसम पूरी तरह बदल चुका है। सर्दी का थोड़ा भी अहसास नहीं बचा है। इसी बीच एक बार फिर मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान जारी किया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र मैनपुरी से जारी पूर्वानुमान के अनुसार एक बार फिर मौसम ठंडा होने की बात कही गई है। ऐसा इसलिए होगा, क्योंकि 12 मार्च और 13 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।
अगर बारिश होती है तो तापमान में गिरावट आना तय है। हवा के साथ बारिश से खेत में खड़ी गेहूं की तैयार फसल को नुकसान होगा। गेहूं की फसल में बाल आने के चलते इसमें वजन हो गया है। ऐसे में बारिश से जमीन नम हो जाएगी और हवा से गेहूं की फसल गिर जाएगी।
इतना ही नहीं सरसों की कटाई और आलू की खोदाई का काम भी बारिश से प्रभावित होगा। अगर बारिश थोड़ी भी अधिक होती है तो जिले में मूंगफली की बुवाई का काम भी कम से कम तीन से चार दिन के लिए रुक जाएगा।
ऐसे प्रभावित होगा उत्पादन
गेहूं की फसल गिरने से उत्पादन प्रभावित होता है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगन दीप सिंह बताते हैं कि गेहूं की फसल के गिरने से दाना पूर्ण रूप से विकसित नहीं होता है। इसके साथ ही कुछ दाने बदरंग भी हो जाते हैं। इससे दस से 20 प्रतिशत तक उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव के अनुसार जिले में 12 और 13 मार्च को तेज हवा के साथ बारिश की प्रबल संभावना है। किसान अपनी तैयार सरसों और आलू की फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें।