मैनपुरी से गुजरी अटल जी की अस्थि कलश यात्रा, श्रद्धांजलि देने को उमड़े सैकड़ों लोग
मैनपुरी के करहल में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए एक्सप्रेसवे पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पार्टी नेताओं के साथ ही आमजन ने भी अपने नेता को विदाई देते हुए श्रद्धांजलि दी।
अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा निकाली जा रही हैं। शुक्रवार को लखनऊ से सोरों घाट, कासगंज के लिए अस्थि कलश ले जाया गया। कलश यात्रा एक्सप्रेसवे से होती हुई गुजरी। जिले में करहल टोल टैक्स के पास भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं व आमजन ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी।
यहां सभी ने नम आंखों के बीच अस्थि कलश पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कलश यात्रा के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश राणा, अतुल गर्ग, विधायक मोदीनगर श्रीकांत त्यागी आदि चल रहे थे। श्रद्धांजलि देने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि
आगरा रोड स्थित शाह महमूद इस्लामिया इंटर कॉलेज में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोकसभा का आयोजित की गई। इस दौरान लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विद्यालय प्रबंधक हाजी अब्दुल रहमान चिश्ती उर्फ बबलू मियां ने कहा कि देश के लिए यह बड़ी क्षति है। उनका व्यक्तित्व देश ही नहीं विदेशों में भी अपनी एक अलग पहचान रखता था। उन्होंने हमेशा जातीय भावनाओं से उठकर कार्य किया। इस दौरान विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं ने दो मिनट का मौन रख उन्हें याद किया।
गरुण पुराण के बाद किया शांति हवन
अटल फैंस क्लब की ओर से शहर के राज मैरिज होम में पूर्व प्रधानमंत्री की आत्मशांति के लिए गरुण पुराण पाठ कराया जा रहा था। गुरुवार को शांति हवन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी।