कासगंज। एक महिला से दुष्कर्म के बाद अश्लील फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। सीओ सहावर के आदेश पर अमांपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमांपुर क्षेत्र की एक महिला जयपुर राजस्थान में अपने पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी। वह प्राइवेट नौकरी कर रही थी। उसकी जान पहचान संजीव वैरवा से हो गई। 28 जनवरी 2022 को संजीव ने उसे फोन कर बुलाया और अपने घर ले गया। जहां चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। जब वह बेहोश हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म करके उसके अश्लील फोटो खींच लिए। इसके बाद फोटो वायरल करने की धमकी देकर तीन महीने तक लगातार दुष्कर्म किया। साथ ही पति को तलाक देकर उससे शादी करने एवं पति की हत्या करने की धमकी देता रहा। जब उसने इसकी शिकायत आरोपी के पिता ओम प्रकाश वैरवा व भाई अशोक वैरवा से की तो उनके द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद वह नौकरी छोड़कर अपने अमांपुर क्षेत्र के गांव में आ गई। इसके बाद आरोपी ने व्हाटस एप, इंस्ट्राग्राम, आदि पर फेक आईडी बनाकर अश्लील फोटो वायरल करने शुरू कर दिए। महिला ने मामले की शिकायत सीओ सहावर से की। सीओ सहावर ने पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने सीओ के आदेश के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।