नए साल पर होटलों में नहीं मनेगा जश्न: ओमिक्रॉन के चलते पाबंदियों ने बढ़ाई ताजनगरी की चिंता, 70 फीसदी बुकिंग निरस्त
कोरोना की सबसे ज्यादा मार पर्यटन पर ही पड़ी है। दो साल बाद नए साल पर जो कारोबार की उम्मीदें जागी थीं वो अब रात्रि कर्फ्यू व पाबंदियों से चिंता में बदल गई हैं। बाजारों में व्यापारी भी चिंतित हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी के होटलों में नए साल पर जश्न नहीं होंगे। भव्य समारोह भी स्थगित हो गए हैं। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर और रात्रि कर्फ्यू के कारण होटलों में 70 फीसदी बुकिंग निरस्त हो गई है। बुकिंग कराने वाले पर्यटक होटलों में फोन कर शहर में संक्र्रमण की स्थिति पूछ रहे हैं। जयपुर, दिल्ली, केरल व महाराष्ट्र से आने वाले पर्यटकों ने सबसे ज्यादा बुकिंग रद्द कराई हैं।
दो साल में दो बार पर्यटन कारोबारियों ने कोरोना का झटका झेल चुके हैं। इस बार भी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। 750 से अधिक होटल हैं। 60 से 80 होटल ऐसे थे जहां नए साल के जश्न के लिए बुकिंग हो चुकी थीं। जिनके निरस्त होने से करीब 30 से 40 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
समारोह में 200 से अधिक मेहमानों के आने पर रोक है। रात 11 बजे के बाद रात्रि कर्फ्यू प्रभावी होगा। उधर, प्रशासन ने होटलों में आने वाले पर्यटक को लेकर सख्ती बढ़ाई है। प्रत्येक पर्यटक को स्वास्थ्य विभाग को ब्योरा भेजना पड़ेगा। नहीं भेजने पर होटलों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी से कारोबार असमंजस में फंसा है।
उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि सभी होटल संचालकों को बता दिया है कि रात्रि कर्फ्यू प्रभावी है। रात 11 बजे के बाद होटल बंद हो जाएंगे। निगरानी के लिए टीमें बनाई हैं। उल्लंघन होता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुकिंग के बाद खाली हो गए होटल
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि पिछले सप्ताह तक होटलों में बुकिंग हो रही थी। अचानक पाबंदियां लगा दीं। 70 फीसदी बुकिंग रद्द हो गई हैं। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग संक्रमण फैलने पर होटलों को जिम्मेदार मानेगा।
पर्यटन की तरफ नहीं सरकार का ध्यान
आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर के अध्यक्ष के प्रह्लाद अग्रवाल ने कहा कि सरकार अपने फायदे के हिसाब से प्रतिबंध लगाती है। पर्यटन की तरफ ध्यान नहीं हैं। होटलों में बुकिंग नहीं हो रही। पर्यटक नहीं आ रहा। इसका असर पर्यटन से जुड़े हर कारोबार पर पड़ेगा।
आगरा टूरिज्म डवलपमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने कहा कि दो बार हमने कोरोना का रौद्र रूप देखा है। सुरक्षा के लिहाज से एहतियात जरूरी है। नए साल पर होटल में होने वाले समारोह निरस्त हो गए हैं। संक्रमण को रोकने के लिए ऐसा करना जरूरी है।
बाजारों में न लगाएं भीड़
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि रात्रि कर्फ्यू से व्यापार में नुकसान होगा। बाजारों में भीड़ न लगाएं इसके लिए सोमवार को व्यापारियों की बैठक होगी। इस साल कुछ कारोबार की उम्मीद थी, लेकिन प्रतिबंध से चिंता बढ़ गई है।