आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बृहस्पतिवार को आगरा मंडल के प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आगरा कैंट से मथुरा-भूतेश्वर रेल खंड तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान ट्रैक, रेल संचालन और यात्री सुविधाओं की स्थिति परखते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आगरा छावनी, ईदगाह, बाद और मथुरा जंक्शन स्टेशनों का जायजा लिया गया। बाद स्टेशन पर रूट रिले इंटरलॉकिंग प्रणाली की जांच की गई। मथुरा जंक्शन पर सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, जलपान गृह, शौचालय और टिकट काउंटर की व्यवस्थाएं परखी गईं। भूतेश्वर स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति देख भविष्य की सुविधाओं पर अधिकारियों संग चर्चा हुई। आगरा छावनी स्टेशन पर द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय के पुनर्विकास और निर्माणाधीन द्वितीय प्रवेश द्वार की समीक्षा कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए। ईदगाह स्टेशन पर भी प्रवेश द्वार, प्लेटफार्म और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर कमियां जल्द दूर करने को कहा गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, एसएस. चंद्रयान और अखिल शुक्ल आदि अधिकारी मौजूद रहे।