अछनेरा। फतेहपुर सीकरी के विधायक चौ. बाबूलाल ने शुक्रवार को ब्लॉक अछनेरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपऊ के मजरा नगला मंशा में नवनिर्मित सीसी सड़क मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। विधायक निधि से तैयार यह मार्ग महेंद्र के घर से हरिमोहन के घर तक बनाया गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से निजात मिलेगी।
लोकार्पण समारोह के दौरान नगला मंशा के ग्रामीणों ने विधायक चौधरी बाबूलाल का साफा बांधकर और माला पहनाकर अभिनंदन किया। इस दाैरान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चौधरी बाबूलाल ने कहा फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक कस्बे, गांव और मजरों तक पक्की सड़कें पहुंचाना हमारी पहली प्राथमिकता है। जर्जर मार्गों का जीर्णोद्धार तेजी से किया जा रहा है। विभागों के समन्वय से आज क्षेत्र की सड़कें पहले से बेहतर स्थिति में हैं। जनता ने जो उम्मीदें हमसे जताई थीं, वे आज धरातल पर विकास कार्यों के रूप में दिख रही हैं। विधायक प्रतिनिधि डॉ. रामेश्वर चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन और जिला प्रशासन स्तर पर जो भी विकास योजनाएं लंबित हैं, उन्हें आगामी चुनाव से पूर्व हर हाल में पूरा कराया जाएगा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महाराज सिंह, ग्राम प्रधान रोशनलाल चित्तौड़िया, भोला प्रधान, रनवीर प्रधान, जगदीश सिकरवार, राजू इंदौलिया, नरेश चित्तौड़िया, सतेंद्र परमार, दरब सिंह लोधी, नीले राजपूत, रामनरेश इंदौलिया, रज्जो राजपूत और हरिमोहन शर्मा आदि माैजूद रहे।