Agra News: मोमोज विक्रेता को आया गुस्सा, एक पर फेंका तेल, दूसरे को मारी कलछी
मोमोज विक्रेता ने एक युवक के ऊपर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया, वहीं जब दूसरा साथी बचाने आया तो उसके सिर पर कलछी से प्रहार कर दिया।
विस्तार
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के कालिंदी विहार में सोमवार रात को मोमोज के काउंटर पर दो युवकों का विक्रेता से विवाद हो गया। उनमें मारपीट हो गई। विक्रेता ने युवकों पर चौथ मांगने और मारपीट का आरोप लगाया। वहीं युवकों ने विक्रेता पर खौलता तेल डालने और कलछी मारकर घायल करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए हैं।
सती नगर, नरायच निवासी ध्रुव कुमार कालिंदी विहार में काउंटर लगाकर मोमोज बेचता है। कालिंदी विहार निवासी तनिष्क और उसका दोस्त विकास उर्फ भिक्का सोमवार रात को ध्रुव की ठेल पर मोमोज खाने गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि विक्रेता और ग्राहकों में रुपयों को लेकर विवाद हो गया था। मारपीट होने लगी।
एक दूसरे पर लगाए आरोप
तनिष्क का आरोप है कि मोमोज विक्रेता और उसके साथी ने पैसों को लेकर गालीगलौज की। इसका विरोध करने पर खौलता तेल उसके ऊपर डाल दिया। वहीं विकास को कलछी मारकर घायल कर दिया। तनिष्क की तहरीर पर पुलिस ने विक्रेता और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं ध्रुव कुमार की मां आशा की तहरीर पर भी तनिष्क और विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों चौथ मांग रहे थे। मना करने पर मारपीट की। काउंटर भी पलट दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि दोनों ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी। विकास और तनिष्क के खिलाफ पूर्व में मुकदमा भी दर्ज हैं।