आगरा में फिर बड़ी वारदात: लूट कर भाग रहे बदमाश घर में घुसे, युवती को छत से फेंका, हाथ-पैर और पसली में चोट
आगरा में बदमाशों का आतंक थम नहीं रहा। डकैती कांड के तीन दिन बाद फिर दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। लूट कर भाग रहे बदमाश एक घर में घुस गए। विरोध पर बदमाशों ने युवती को छत से फेंक दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के टेढ़ी बगिया में मंगलवार दोपहर को ऑटो में बैठकर जा रही महिला से तीन बदमाशों ने पर्स लूट लिया। महिला के शोर मचाने पर लोग जुट गए। इस पर बदमाश भागने लगे। मगर, लोगों ने एक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी पार्वती विहार कॉलोनी में घुस गए। यहां पर एक घर के अंदर जा छिपे।
यह देखकर गृहस्वामी की बेटी डंडा लेकर बदमाशों के पीछे दौड़ी। बदमाश घर की छत पर भाग गए। युवती द्वारा पकड़ने की कोशिश पर बदमाशों ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। वह घायल हो गई। वहीं एक बदमाश छत से कूदकर भाग गया, जबकि दूसरा लोगों ने पकड़ लिया। उन्हें पुलिस के हवाले किया है।
टेढ़ी बगिया स्थित प्रकाशपुरम निवासी आरती ने मंगलवार को बैंक से रुपये निकाले थे। इसके बाद बाजार जा रही थीं। टेढ़ी बगिया से रामबाग के लिए ऑटो में बैठने लगीं। ऑटो में पहले से तीन युवक बैठे थे। आरती के हाथ में पर्स लगा था। एक युवक ने आरती से पर्स छीन लिया। इसके बाद भागने लगे।
दो बदमाशों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया
आरती के शोर मचाने पर लोग बदमाशों के पीछे दौड़े। एक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी कालिंदी विहार में पार्वती विहार कॉलोनी में घुस गए। कॉलोनी में प्रेम चंद शर्मा का घर है। उनके घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। यह देखकर दोनों बदमाश अंदर प्रवेश कर गए।
प्रेमचंद शर्मा की बेटी पल्लवी शर्मा कमरे में बैठी बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रही थीं। उन्होंने अंजान लोगों को अंदर देखकर बाहर आ गई। इस पर बदमाश छत पर सीढ़ियों से चढ़ गए। पल्लवी भी पीछे डंडा लेकर दौड़ीं। बदमाशों को देखकर शोर भी मचाने लगी।
पल्लवी ने बदमाश को डंडा मारने का प्रयास किया, इस पर बदमाशों ने उसे छत से फेंक दिया। जिससे वह छत से नीचे गिर गईं। उनकी पसली और हाथ की हड्डी टूट गईं। एक बदमाश छत से कूदकर नीचे भागने लगा।
वहीं दूसरा बदमाश सीढ़ियों से नीचे आया। उसे लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई लगाई। सूचना पर पुलिस आ गई। बदमाशों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
डर गया परिवार
प्रेमचंद शर्मा के बेटे भुवनेश शर्मा ने बताया कि वह लिफ्ट लगाने का काम करते हैं, जिस समय घटना हुई वह घर पर नहीं थे। पत्नी ममता और पांच साल की बेटी के साथ बहन घर पर थीं। घटना की जानकारी पर वो पहुंच गए। परिवार डरा हुआ है। बदमाशों के पीछे अगर, लोग नहीं होते तो वो घर में लूटपाट कर सकते थे। उनकी बहन की हालत गंभीर है।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम ईशाक और सोहिल बताए है। ईशाक खेरिया मोड़, जबकि सोहिल ट्रांस यमुना कॉलोनी का रहने वाला है। दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। महिला का लूटा हुआ पर्स उनके पास से बरामद हुआ है। वहीं एक बदमाश फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
पल्लवी ने दिखाया साहस
पार्वती विहार कॉलोनी में हर कोई पल्लवी के साहस को सलाम कर रहा था। उन्होंने घर में घुसे बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों की संख्या दो थीं। पल्लवी डंडा मारकर बदमाश को पकड़ना चाहती थी। मगर, एक बदमाश ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे नीचे गिर गईं। छत की दीवार भी टूट गई। उनके पैर, हाथ और पसली में चोट लगी है। उनका उपचार परिजन करा रहे हैं।