आगरा: मेव गैंग ने चोरी किया 70 लाख के माल से भरा ट्रक, दिल्ली में बेचने की थी तैयारी, दो बदमाश गिरफ्तार
हरियाणा के मेव गैंग ने एक बार फिर आगरा में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गैंग ने ऑटो पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से लदा ट्रक चोरी कर लिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक और माल बरामद कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के मेव गैंग ने आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में 70 लाख के ऑटो पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से भरे ट्रक को चोरी कर लिया। उसकी नंबर प्लेट और रंग बदल दिया, जिससे पहचान नहीं हो सके। इसके बाद माल को बेचने के लिए दिल्ली ले जाने की तैयारी थी। मगर, एसओजी और थाना पुलिस को भनक लग गई। पुलिस ने झरना नाला के जंगल से दो आरोपियों को चोरी गए ट्रक और माल लोड किए जा रहे ट्रक सहित माल बरामद कर लिया।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दादरी से ओम लॉजिस्टिक लिमिटेड कंपनी ने एक ट्रक में 17 मार्च को ऑटो पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के 489 कार्टन ट्रक में लोड कराए थे। माल की कीमत तकरीबन 70 लाख रुपये थी। मध्य प्रदेश के देवास और महाराष्ट्र के औरंगाबाद में जाना था। 18 मार्च को चालक एत्माद्दौला क्षेत्र में आया। होली होने की वजह से अपने घर में रुक गया। इसी बीच माल सहित ट्रक को चोरी कर लिया गया।
जंगल से बरामद हुआ ट्रक और माल
इस मामले में थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज किया गया। वारदात के खुलासे के लिए एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित और थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा की टीम को लगाया गया। शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर झरना नाला के जंगल में दो ट्रक और माल बरामद कर लिया गया। दो आरोपी भी पकड़े गए। दो फरार हो गए।
दिल्ली में माल बेचने की थी योजना
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में हरियाणा के नूंह स्थित नगला सावत निवासी आश मोहम्मद और मोहम्मद इकबाल हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने सीता नगर से माल सहित ट्रक चोरी किया था। उनका एक साथी मुस्तकीम है। एक आगरा का ही साथी, जिसने ट्रक के बारे में जानकारी दी थी। दोनों फरार हैं।
चोरी के बाद ट्रक को पुलिस से बचाने के लिए उसकी नंबर प्लेट बदल दी थी। उस पर दूसरा रंग भी कर दिया था, जिससे पुलिस देख भी ले तो पहचान नहीं कर सकें। अब ट्रक से माल उतारकर दूसरे ट्रक में भरकर दिल्ली की तरफ ले जा रहे थे। माल और दोनों ट्रक की अनुमानित कीमत तकरीबन 1.20 करोड़ रुपये है। आरोपियों से 436 कार्टन माल के बरामद हुए, जबकि बाकी माल को बेच दिया है। पुलिस उसकी बरामदगी के प्रयास में लगी है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम
एसएसपी ने बताया कि एसपी सिटी विकास कुमार और सीओ छत्ता दीक्षा सिंह के नेतृत्व में एसओजी और थाना पुलिस की टीम ने कार्य किया। इसके बाद सफलता मिली। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये की धनराशि से पुरस्कृत किया गया।