Agra: बदमाशों ने लिफ्ट देकर डेयरी व्यापारी को लूटा, चलती कार से फेंक हुए फरार, एक सप्ताह बाद भी लुटेरे बेसुराग
डेयरी व्यापारी से 18 मई की रात लूट हुई, लेकिन उनकी शिकायत पर पुलिस ने पहले सुनवाई नहीं की। बाद में एसपी सिटी से शिकायत की तो मुकदमा दर्ज किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में शमसाबाद मार्ग पर डेयरी व्यापारी देवेंद्र सेठी को कार में लिफ्ट देकर लूट लिया गया। चार बदमाश 52 हजार रुपये, मोबाइल सहित अन्य सामान ले गए। व्यापारी को चलती गाड़ी से फेंक भी दिया। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया। मगर, सात दिन बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है।
देवेंद्र सेठी शमसाबाद के मोहल्ला गोपालपुरा के रहने वाले हैं। उनकी पावन धाम कालोनी, ताजगंज में डेयरी है। 18 मई की रात को दुकान बंद करके कहरई मोड़ आए। वह ऑटो की प्रतीक्षा करने लगे। तभी एक अल्टो कार आई। उसमें चालक सहित चार लोग थे। चालक सवारियां भरने के लिए आवाज लगाने लगा। उनके पास आकर जाने के बारे में पूछा।
शमसाबाद जाने के लिए बैठे थे व्यापारी
शमसाबाद जाने के बारे में बताने पर कार में बैठा लिया। कहा कि वो सरकारी कर्मचारी हैं। किराया पूछने पर कहा कि जितना हो, उतना दे देना। सौ मीटर आगे निकलते ही चालक ने कहा कि पुलिस की चेकिंग हो रही है। यह गाड़ी सरकारी है। अपना पैसा निकाल लो। वर्ना जब्त हो जाएंगे। देवेंद्र के पास दुकान की बिक्री के 52 हजार रुपये थे।
उन्होंने इस बारे में बता दिया। यह सुनते ही चारों ने उन्हें पकड़ लिया। मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद रुपये, चाबी, टिफिन, डोलची में दो लीटर दूध, एक बैग, जिसमें आईपैड और मोबाइल रखा था, छीन लिए। इसके बाद चलती गाड़ी से धक्का दे दिया। इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। इस पर पीआरवी आ गई। मगर, रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पीड़ित ने तीन दिन पहले एसपी सिटी से शिकायत की। इस पर थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़ित का कहना है कि लुटेरों का अब तक सुराग नहीं लग सका है। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार का कहना है कि विवेचना की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे।