आगरा: रुपये नहीं दिए तो बुजुर्ग पिता को बेटे ने मार डाला, 24 घंटे में पुलिस ने किया हत्या का खुलासा
आगरा के शमसाबाद क्षेत्र में हुई किसान की हत्या का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे में कर दिया। पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि बड़े बेटे ने ही किसान की हत्या की थी। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना कबूल किया है।
विस्तार
आगरा के थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव जामुनीभान में किसान लाखन सिंह (58) की हत्या उसके ही बेटे सुल्तान सिंह ने की थी। पुलिस ने 24 घंटे में घटना का खुलासा कर दिया। बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता से मनमुटाव चल रहा था। उन्होंने मना करने पर भी अपनी जमीन बेच दी थी। इसकी रकम अपने छोटे भाई को दे दी थी। विरोध करने पर भी नहीं माने थे। इससे वह नाराज था। रात में सोते समय पिता पर लोहे की रॉड से प्रहार कर हत्या कर दी।
गांव जामुनीभान निवासी लाखन सिंह का शव सोमवार सुबह चारपाई पर पड़ा मिला था। उनके सिर में भारी वस्तु से प्रहार करके हत्या की गई थी। गले पर भी दबाने का निशान था। परिवार के लोगों ने रंजिश से इंकार किया था। पहले पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते थे।
संबंधित खबर- आगरा: शमसाबाद में घर के बाहर सो रहे किसान की हत्या, चारपाई पर मिला खून से लथपथ शव
मृतक के भाई विजय ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने घटनास्थल पर डाग स्क्वायड को बुलाया था। खोजी कुत्ता जहां शव पड़ा था, वहां से घर के अंदर एक कमरे में गया था। इस कमरे में लाखन का बड़ा बेटा सुल्तान सोया था। पुलिस ने शक के आधार पर लाखन सिंह के बड़े बेटे सुल्तान को हिरासत में ले लिया।
जमीन बेचकर भाई को दे दिए थे रुपये
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि सुल्तान ने पिता की हत्या रात 12 बजे लोहे की रॉड से करना कबूल किया। इसके पीछे वजह बताई कि पिता से उसका मनमुटाव चल रहा था। पिता उसकी बात नहीं मानते थे। अपने भाई विजय पर विश्वास करते थे। लाखन सिंह ने 16 लाख रुपये में अपनी जमीन बेची थी।
सुल्तान सिंह ने जमीन बेचने से मना किया था। मगर, लाखन ने बात नहीं मानी। जमीन बेचकर मिली रकम भी भाई को दे दी, जबकि विजय के हिस्से के आठ लाख रुपये ही थे। सुल्तान छह लाख रुपये का बैंक का लोन चुकाना चाहता था।
इसलिए पिता से आठ लाख रुपयों में से छह लाख रुपये बैंक का लोन चुकाने की कह रहा था। मगर, लाखन ने ऐसा नहीं किया। उधर, विजय ने आठ लाख रुपये लाखन को वापस कर दिए थे। मगर, इनमें से भी सुल्तान को कुछ नहीं मिला था। इस बात से सुल्तान खफा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लोहे की रॉड बरामद कर ली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सुल्तान रविवार रात 12 बजे वह लघुशंका के लिए जगा। उसने लोहे की रॉड उठाई। इसके बाद पिता के सिर पर तीन प्रहार किए। इसके बाद उनका गमछा लेकर गला भी घोंट दिया। उसको गले में कसकर गांठ लगा दी। घटनास्थल पर एक गमछा और मिला था। यह सुल्तान सिंह का था। सुबह पिता को हॉस्पिटल ले जाने का नाटक करता रहा। पुलिस के पहुंचने पर बेटा रोने लगा। उसकी हरकत से पुलिस को शक हो गया था।