Mainpuri Weather News: सर्दी ने तोड़ा तीन साल का रिकॉर्ड, 5.2 डिग्री पहुंचा पारा, शीतलहर से ठिठुरे लोग
शीतलहर चलने के कारण न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके चलते लोग सर्दी से ठिठुरते रहे। दोपहर तक घना कोहरा छाए रहने के कारण सूर्यदेव के भी दर्शन नहीं हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुबह से ही जिलेभर में घना कोहरा छाए रहने के साथ सर्दी ने अपना कहर बरपाया। शीतलहर चलने के कारण न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके चलते लोग सर्दी से ठिठुरते रहे। दोपहर तक घना कोहरा छाए रहने के कारण सूर्यदेव के भी दर्शन नहीं हुए। कोहरे के चलते दोपहर तक सड़कों पर वाहन लाइट जलाकर रेंगते नजर आए। इससे लोगों को आवागमन में भी परेशानी उठानी पड़ी।
अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहा
कृषि विज्ञान केंद्र में स्थापित मौसम केंद्र पर रिकॉर्ड डाटा के अनुसार सुबह आठ बजे मौसम सबसे अधिक ठंडा रहा। इस समय तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पूरे दिन सर्दी लोगों को बेहाल करती रही। बीते सालों के तापमान पर अगर नजर डालें तो सर्दी ने तीन वर्षों का रिकार्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले 2019 में 26 दिसंबर को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।वहीं वर्ष 2020 में न्यूनतम तापमान सात डिग्री ओर 2021 में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा था। दिनभर लोग अलाव के सहारे सर्दी से बचने का प्रयास करते रहे। वहीं स्कूल जाने के लिए निकले बच्चे और लोग सड़कों पर कंपकंपाते नजर आए। दिनभर सर्दी से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। शाम होते ही एक बार फिर सर्दी बढ़ने से लोग जल्द से जल्द घर पहुंचने के प्रयास में रहे।
आलू की फसल पर छाया संकट
सर्दी बढ़ने के साथ ही आलू की फसल पर भी खतरा मंडराने लगा है। जिले में 22 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में किसानों ने आलू की बुवाई की है। सर्दी अधिक होने से आलू में झुलसा ओर ब्लाइट रोग आने की आशंका बढ़ गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार उद्यान विभाग भी आलू की फसल पर नजर बनाए है। वहीं गेहूं की फसल के लिहाज से मौसम बेहतर है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विकास रंजन चौधरी ने बताया कि गेहूं की फसल के लिए मौसम लाभकारी साबित होगा।
अभी और सताएगी सर्दी
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र कुमार वर्मा के अनुसार मैनपुरी के लोगों को अभी सर्दी और सताएगी। दरअसल पूर्वानुमान के अनुसार कोहरा पड़ने के साथ ही आगामी दो दिनों में तापमान में गिरावट बनी रहने की आशंका जताई गई है। ऐसे में सर्दी से फिलहाल लोगों को राहत नहीं मिलेगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र वर्मा ने बताया कि सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 2019 में 26 दिसंबर को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। ऐसे में सर्दी ने बीते तीन सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आगे सर्दी और भी बढ़ सकती है।