'मौत' के छह महीने बाद जिंदा मिले प्रेमी युगल, सामने आया चौंकाने वाला सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एटा में युवक और युवती के गायब होने के कारण दो परिवारों की कई दिनों तक नींद उड़ी रही। पुलिस भी खासी परेशान रही। दोनों की मौत हो जाने की जानकारी पर परिवार मामत मना रहे थे।
लेकिन प्रेमी युगल शादी रचाकर पंजाब में खुशहाल जीवन यापन कर रहे थे। गुरुवार को एटा पुलिस जब प्रेमी युगल को पंजाब से लेकर एटा आई तो महीनों पहले का शिवानी प्रकरण एक बार फिर चर्चा में आ गया।
एटा के थाना सकीट क्षेत्र की शिवानी और उसके प्रेमी दीपक कुमार के गायब होने के मामले में पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी। मालूम हो कि अप्रैल 2018 में दीपक और शिवानी एक शादी समारोह से गायब हो गए थे।
परिजन एक-दूसरे पर लगा रहे थे आरोप
शिवानी के परिजनों ने दीपक और उसके घर वालों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद मई माह में फिरोजाबाद में एक युवती का शव मिला। जिसे शिवानी के परिजनों ने उसकी अपनी बेटी के रूप में की थी।
इसके बाद अपहरण का यह मामला हत्या में तब्दील हो गया था। दोनों ही परिवार एक दूसरे पर युवक और युवती की हत्या का आरोप लगा रहे थे। यह मामला काफी चर्चा में रहा। इस दौरान राजनीतिक हस्तक्षेप भी हुआ।
तत्कालीन एसपी अखिलेश चौरसिया ने मामले की विवेचना फिरोजाबाद के जसराना से थाना सकीट में स्थानांतरित करा ली थी। इसके बाद से सकीट थाना पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही थी।
एक फोन कॉल से खुला राज
गुरुवार को शिवानी व दीपक को एटा लाने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने इस मामले में कई अहम जानकारी दीं। उन्होंने बताया कि दोनों बालिग हैं। दोनों शादी समारोह से साथ निकले। इसके बाद गाजियाबाद के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद वो पंजाब के भटिंडा गए और वहीं रहने लगे।
एएसपी संजय कुमार ने बताया कि प्रेमी युगल को बरामद करने में पुलिस को एक फोन काल से सुराग मिला। उन्होंने बताया कि पांच महीने से ज्यादा घर से बाहर रहने के बाद दीपक ने अपने घर पर फोन करके परिजनों से बातचीत की।
जिसमें उसने अपने आप को पंजाब के भटिंडा में होने की खबर दी थी। पुलिस ने इसी को आधार बनाकर दोनों को वहां से बरामद कर लिया। एएसपी ने बताया कि कोर्ट में दोनों के बयान के बाद ही मामले का निस्तारण किया जाएगा।
वो लाश किसी थी ?
बता दें कि मई माह में फिरोजाबाद के पाडम क्षेत्र में एक युवती की गला रेता हुआ शव बरामद हुआ था। जिसकी पहचान उस समय शिवानी के परिजनों ने अपनी बेटी के रूप में की थी। शिनाख्त होने और मामले की विवेचना सकीट आने के बाद फिरोजाबाद पुलिस परेशानी से मुक्त हो गई थी।
अब शिवानी के जिंदा बरामद होने पर उस युवती की पहचान कराना फिरोजाबाद पुलिस के लिए चुनौती बन जाएगी। फिरोजाबाद पुलिस को उस समय बरामद हुई युवती की लाश की शिनाख्त कराने के लिए कवायद शुरू करनी पडे़गी।