कासगंज। रक्षाबंधन पर्व पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विभाग की टीमों ने दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नौ खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच को प्रयोगशाला भेजे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य आनंद कुमार देव के नेतृत्व में टीम ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए। तहसील पटियाली के अंतर्गत-गंजडुंडवारा स्थित बालाजी स्वीट्स से सोनपापड़ी का नमूना, सिढ़पुरा स्थित नत्थी खान के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का नमूना संग्रहित किया। तहसील सहावर के अंतर्गत बाबूपुर खुशकरी चौराहा स्थित मलिखान सिंह के प्रतिष्ठान से घेवर का नमूना, कैलाश के प्रतिष्ठान से बर्फी का नमूना, मेन चौराहा कासगंज रोड अमांपुर स्थित जय प्रकाश के प्रतिष्ठान से सोनपापड़ी का नमूना, विपिन के प्रतिष्ठान से सोनपापड़ी का नमूना संग्रहित किया। मोहनपुरा स्थित माहेश्वरी मिष्ठान भंडार से घेवर का नमूना, योगेश कुमार के प्रतिष्ठान से खोवा की लौंज का नमूना, ग्राम नदरई स्थित भूपेंद्र कुमार के प्रतिष्ठान से खोया का नमूना संग्रहित किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार गंगवार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमवीर सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतिमा त्रिपाठी उपस्थित रहीं। सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारी रंगीन एवं वर्क लगी मिठाइयों की बिक्री न करें। लोग लाइसेंसी दुकानदारों से ही खाद्य सामग्री खरीदें।