Agra: कनाडा के होटल में नौकरी और लाखों का पैकेज, युवक को झांसा देकर ठगे छह लाख रुपये
कनाडा के होटल में नौकरी का झांसा देकर युवक से ठगी की गई। उसे नियुक्ति और साक्षात्कार के फर्जी पत्र भी भेजे गए। इसके बाद अलग-अलग खातों में छह लाख रुपये डलवा लिए गए।
विस्तार
आगरा में साइबर अपराधियों ने शाहगंज के वर्कशॉप संचालक को कनाडा के एक होटल में नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये ठग लिया। फर्जी नियुक्ति पत्र और साक्षात्कार पत्र भी भेज दिए। तीन खातों में रकम जमा कराई गई। अब मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। पीड़ित ने केस दर्ज कराया है।
किदवई नगर, सराय ख्वाजा निवासी इरफान खान मोटर वर्कशॉप चलाते हैं। उन्होंने बताया कि वह विदेश के होटलों में नौकरी के प्रयास में लगे थे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर रखा था। 10 अगस्त 2022 को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम राशिद इकबाल बताया। कहा कि उनकी कनाडा के होटल में नौकरी लग जाएगी। इसके लिए पंजीकरण शुल्क जमा कराना होगा। वह नौकरी के लिए तैयार हो गए। कुछ दिन बाद उनके पास ऑफर लेटर और बायोमेट्रिक साक्षात्कार पत्र भी भेज दिया गया।
बायोमेट्रिक साक्षात्कार पत्र की फीस के रूप में 24500 रुपये जमा कराए गए। इसके अलावा कभी पासपोर्ट-वीजा बनवाने तो कभी कनाडा में बैंक खाता खुलवाने के नाम पर रकम जमा कराई। एक दिन उनके पास एक और काॅल आई। काॅल करने वाले ने अपना नाम अरशद बताया। कहा कि वो होटल हयाते के मैनेजर हैं। उन्होंने भी खाते में रकम जमा कराई। एक साल में तकरीबन 6 लाख रुपये ले लिए। इसके बावजूद नौकरी नहीं लगी। अब आरोपी ने मोबाइल बंद भी कर लिया। एसीपी लोहामंडी दीक्षा सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया है। साइबर सेल की मदद ली जाएगी। खाताधारक और काॅल करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
इन खातों में गई रकम
पीड़ित से नैनीताल बैंक, दिल्ली के खाताधारक अमर के खाते में 5.50 लाख रुपये, 17 अगस्त 2022 को एक्सिस बैंक के खाताधारक अभिषेक रघुवंशी के खाते में 30 हजार रुपये, 1 अप्रैल को फिनो बैंक के खाताधारक राहुल के खाते में 12500 रुपये जमा कराए। पुलिस अब इन खाताधारकों के बारे में जानकारी जुटाएगी। जिन लोगों के खाते हैं, उनसे पूछताछ होगी।
यह रखें ध्यान
साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह के मुताबिक, काॅल करके नौकरी का झांसा देने वालों से सावधान रहें। अगर, कोई रकम की मांग करता है तो समझ जाएं ठगी करने वाला है। रकम कभी नहीं देनी चाहिए। साइबर ठगी होने पर पुलिस से शिकायत करें। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।