आगरा : 30 सितंबर तक बंद रहेगा जीवनी मंडी वाटर वर्क्स मार्ग, 80 हजार लोगों की बढ़ी परेशानी
- बिना सूचना के आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी और पुलिस ने बंद किया हाइवे से जीवनी मंडी रोड
- 1200 मिमी की पाइप लाइन डालने का किया जाएगा काम, 80 हजार लोगों की बढ़ जाएगी परेशानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जीवनी मंडी से ताजगंज तक पानी की पाइप लाइन डालने के लिए वाटरवर्क्स चौराहे से जीवनी मंडी वाटरवर्क्स गेट रोड का रास्ता 30 सितंबर तक बंद रहेगा। शनिवार को आगरा स्मार्ट सिटी और ट्रैफिक पुलिस ने बिना किसी पूर्व सूचना के वाटर वर्क्स चौराहे से जीवनी मंडी पुलिस चौकी तक एक किमी का रास्ता बंद कर दिया।
स्मार्ट सिटी कंपनी 30 सितंबर तक इस रोड पर पहले चरण में 1200 मिमी की पाइप लाइन बिछाने का काम करेगी। इस रोड के बंद होने से 80 हजार लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी। उन्हें लंगड़े की चौकी या आंबेडकर पुल से घूमते हुए जीवनी मंडी रोड यमुना किनारा पर पहुंचना होगा।
आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी ताजगंज के स्मार्ट सिटी एरिया को 24×7 पानी की सप्लाई के लिए 1200 मिमी की पाइप लाइन डालने का काम शुरू कर रही है। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से लेकर ताजगंज तक 5.50 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
'पहले चरण का काम 30 सितंबर तक पूरा होगा'
आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी के नोडल अधिकारी आर के सिंह ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस से रूट तय करने के लिए अनुमति मांगी गई थी, इस वजह से पूर्व सूचना नहीं दी जा सकी। रविवार से खोदाई शुरू कराई जाएगी। पहले चरण का काम 30 तारीख तक पूरा करने का लक्ष्य है।
ट्रांसपोर्टरों की फंस गई गाड़ियां
नेशनल हाइवे से वाटर वर्क्स होकर ट्रांसपोर्टर्स की गाड़ियां जीवनी मंडी पहुंचती हैं। रास्ता बंद होने के कारण उनकी गाड़ियां फंस गई। जीवनी मंडी, जाटनी का बाग, यमुना किनारा, फ्रीगंज में ट्रांसपोर्ट कंपनियों पर पहुंचने वाला माल वाटर वर्क्स से जीवनी मंडी होकर ही पहुंचता है। सुबह 10 बजे से रास्ता बंद होने के कारण इलाके के 80 हजार लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
परचून, सब्जी व गल्ला व्यापारियों की गाड़ियां वाटर वर्क्स पर फंस गई। उन्हें आंबेडकर पुल से होकर जाने को कहा गया। उधर, जीवनी मंडी, बेलनगंज, यमुना किनारा की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी शहर के भीतर से होकर पुरानी मंडी होकर जाना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की परेशानी के बाद देर शाम ट्रैफिक डायवर्जन की योजना तैयार की।
'बिना सूचना के मार्ग बंद नहीं करना चाहिए'
आगरा गुड्स कैरियर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के जीवनी मंडी रोड बंद कर दिया गया। इससे सबसे ज्यादा परेशानी ट्रांसपोर्टर्स को उठानी पड़ी। उनका माल नहीं उतर सका। अब रात तक इंतजार करना पड़ेगा। यहां तकरीबन 250 ट्रांसपोर्ट कंपनियां हैं। ऐसे में प्रशासन को इनका भी ख्याल रखना चाहिए था।
ट्रांसपोर्ट चैंबर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि कहीं का भी रास्ता बगैर बताए बंद नहीं करना चाहिए। जनता को पहले जानकारी होनी चाहिए। आज जीवनी मंडी का रास्ता बंद होने से लोगों के सामने समस्याएं आईं। सबसे ज्यादा समस्या ट्रांसपोर्ट की गाड़ियों को लेकर आने में हुई।
गलियों से होकर गुजरे राहगीर
जीवनी मंडी का रास्ता बंद होने के कारण कमला नगर, बल्केश्वर की ओर जाने और उधर से जीवनी मंडी या बेलनगंज जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जो लोग रास्तों से वाकिफ थे, वह गलियों से होकर गुजरे लेकिन तमाम लोग लौटकर लंबा चक्कर काटकर ही पहुंच सके।