फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   JE ambrish gautam dies in Bundelkhand University family accuse of murder

UP: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में जेई की माैत...परिजन ने लगाया हत्या का आरोप, मोबाइल और डायरी से खुलेगा राज

Mon, 07 Jul 2025 09:10 AM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा Published by: अरुन पाराशर Updated Mon, 07 Jul 2025 09:10 AM IST
सार

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में बर्खास्त जेई की माैत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। भाई अंकुर ने बताया कि शव औंधे मुंह बिस्तर पर पड़ा था। आधे पैर फर्श की तरफ लटक रहे थे। शरीर नीला पड़ा था। 
 

विज्ञापन
JE ambrish gautam dies in Bundelkhand University family accuse of murder
अंबरीश का फाइल फोटो व परिवारीजन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से बर्खास्त अवर अभियंता अंबरीश गाैतम (48) की मौत के मामले में पुलिस विवेचना कर रही है। भाई अंकुर का आरोप है कि विश्वविद्यालय में हुए 200 करोड़ के घपले की शिकायत करने पर आरोपी बड़े भाई के दुश्मन बन गए। उनके शिकायत वापस नहीं लेने पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने भी तहरीर लेने में आनाकानी की। भाई के मोबाइल और डायरी में कई राज छिपे हैं। इन्हें पुलिस ने कब्जे में लिया है। इनकी जांच से हत्याकांड से जुड़े कई राज सामने आ सकते हैं।
विज्ञापन


झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में रह रहे अवर अभियंता का शव शुक्रवार रात को घर में मिला था। वह बिस्तर पर औंधे मुंह पड़े हुए थे। आगरा के कचहरी घाट स्थित गंगा गली में परिवार रहता है। शनिवार को उनके शव को पैतृक आवास पर लाया गया। उनका बड़ा बेटा प्रियांक एमबीबीएस की पढ़ाई करने विदेश गया हुआ है। छोटे बेटे यशांक ने कोटा में इंजीनियर की कोचिंग के लिए प्रवेश लिया है।
विज्ञापन


 

भाई अंकुर गाैतम ने बताया कि 20 मई को बड़े भाई अंबरीश और भाभी पूनम यशांक को लेकर कोटा गए थे। तब से वहीं रह रहे थे। 3 जुलाई को भाई वापस झांसी स्थित अपने सरकारी आवास पर आ गए थे। शाम 4:30 बजे घर पहुंचे थे। 4 जुलाई की सुबह 9:30 बजे भाभी ने उनसे बात की। हालचाल जाना था। तब तक वो ठीक थे।

उन्होंने किसी तरह की समस्या नहीं बताई। रात तकरीबन 10 बजे पिता डूंगरमल के फोन करने पर भाई अंबरीश का मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। वह घबरा गए। इस पर भाभी (पूनम) को फोन किया। उन्होंने भी पति को फोन किया। मगर, स्विच ऑफ आने पर शक हो गया। उन्होंने परिचित को घर भेजा तब घटना की जानकारी हुई। शनिवार रात शव पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया। रविवार सुबह ताजगंज श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। बेटे यशांक ने मुखाग्नि दी।

 

भाई ने कहा, पीछे के दरवाजे से घुसे, ग्लब्स पहनकर मार डाला
अंकुर ने बताया कि भाई का शव औंधे मुंह बिस्तर पर पड़ा था। आधे पैर फर्श की तरफ लटक रहे थे। शरीर नीला पड़ा था। ऐसा लग रहा था कि उन्हें विषाक्त पदार्थ दिया गया है। इसके बाद घर में तलाशी ली गई थी। अटैची को खोलकर देखा गया था। अटैची कंप्यूटर टेबल पर रखी थी। दोनों अलमारी के ताले भी खुले हुए थे। बेडशीट हटी हुई थी। आवास के अंदर बाथरूम में ग्लब्स पड़े हुए थे, जबकि घर में किसी तरह के ग्लब्स नहीं थे।

 
विज्ञापन

पीछे का दरवाजा भी खुला हुआ था। इसे वह कभी नहीं खोलते थे। आशंका है कि घर में प्रवेश करने के बाद भाई के दोनों मोबाइल बंद कर दिए गए। इसके बाद ग्लब्स पहनकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी तलाशी भी लेकर गए। घर में घोटाले से जुड़े कई दस्तावेज रखे हुए थे। इनके ले जाने की आशंका है। हालांकि अंबरीश के मोबाइल में कई साक्ष्य माैजूद हैं। पुलिस ने उनके दोनों मोबाइलों को कब्जे में लिया है। वहीं डायरी भी ले ली है। इन दोनों की जांच से कई जानकारी मिल सकती है।

पिता बोले, स्वाभिमान से नहीं किया समझौता
पिता डूंगरमल के आंसू नहीं रुक रहे हैं। वह दुखी हैं। एक ही बात बोल रहे हैं कि बेटे ने आवाज उठाई। इस कारण उसकी हत्या कर दी गई है। अंबरीश स्वाभिमानी थे। उन्होंने घोटाले की शिकायत की थी। अगर, वह शिकायत वापस ले लेते तो बेटे की जान नहीं जाती। जिस किसी ने उसकी हत्या की है, पुलिस उसके खिलाफ केस दर्ज करे। आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। परिवार न्याय के लिए आखिरी दम तक लड़ाई लड़ेगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने नहीं दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को हो गई थी। इसके बावजूद किसी ने पुलिस को फोन नहीं किया। परिचित के घर पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। तब उन्होंने झांसी में रहने वाले रिश्तेदार और भाई से 112 पर काॅल कराया।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed