#LadengeCoronaSe: यहां के लोगों ने संक्रमण से खुद का बचाव किया, दूसरों की कर रहे मदद
ताजनगरी के ताज रॉयल अपार्टमेंट और शमसाबाद रोड स्थित जयपुरिया ग्रीन के लोगों ने एहतियात और नियमों के पालन से खुद को सुरक्षित किया। यहां के लोग एहतियात के साथ सख्ती से नियमों का पालन कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में संक्रमण तेजी से फैला तो शहर की कई कॉलोनियों में लोगों ने संक्रमण से बचाव से खुद ही कड़े कदम उठाए। शहर के ताज रॉयल अपार्टमेंट और शमसाबाद रोड स्थित जयपुरिया ग्रीन के लोगों ने दो मास्क की अनिवार्यता, नियमित सैनिटाइजेशन के साथ ही मुसीबत में एक-दूसरे की मदद करके संक्रमण से न केवल खुद का बचाव किया बल्कि वे अब बाहर के लोगों की मदद भी कर रहे हैं।
ताज रॉयल अपार्टमेंट में रहने वाले पंकज खंडेलवाल ने बताया कि अपार्टमेंट में दो ब्लॉक हैं। इनमें रहने वाले परिवारों की संक्रमण से सुरक्षा के लिए सोसाइटी वालों की अलग लिफ्ट है, जबकि बाहरी लोगों व सर्विस प्रोवाइडरों (दूध वाला, मेड, लेबर) के आने-जाने के लिए अलग लिफ्ट की व्यवस्था की गई है। लिफ्ट को दिन में तीन बार सैनिटाइज किया जाता है।
गेट पर ही की गई हाथों को सैनिटाइज कराने की व्यवस्था
ताज रॉयल अपार्टमेंट के सुमति उपाध्याय ने कहा कि गेट पर ही हाथों को सैनिटाइज कराने की व्यवस्था है। बगैर दो मास्क लगाए व्यक्ति को अंदर प्रवेश नहीं देते हैं। अप्रैल में पांच लोग संक्रमित हो गए थे। उनके परिवारों को पूरी तरह अलग रखकर व्यवस्था की। किसी अन्य को संक्रमित नहीं होने दिया। संक्रमित भी स्वस्थ हो गए।
ताज रॉयल अपार्टमेंट निवासी नीरज खंडेलवाल ने कहा कि कुरियर या फूड डिलीवरी का सामान टावर में सैनिटाइज करवाया जाता है। कॉलोनी के पार्क में बच्चों को भी अलग-अलग ग्रुपों में खेलने की इजाजत है। भीड़ जमा नहीं करने देते हैं। ज्यादातर लोग आवश्यक कार्य होने पर ही बाहर निकलते हैं।
डर खत्म करने के लिए काउंसिलिंग की व्यवस्था भी
ताज रॉयल अपार्टमेंट के डॉ. धीरेंद्र सिंह ने कहा कि कंपाउंड में रहने वाले सभी लोगों के लिए किसी भी चिकित्सकीय परामर्श और दवा की व्यवस्था मैंने संभाली। कई लोगों को संक्रमण का डर भी सताता था। ऐसे लोगों की काउंसिलिंग की गई। यहां तक की ऑक्सीजन की व्यवस्था भी हमने लोगों के लिए की।
वैक्सीनेशन के लिए युवाओं को खेरागढ़ तक भेजा
कालीडोरा होम रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष बीर बहादुर सिंह ने कहा कि कॉलोनी में सैनिटाइजेशन, मास्क, सामाजिक दूरी के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाता है। हमारा जोर वैक्सीनेशन पर है। हमने युवकों को टीका लगवाने खेरागढ़ तक भेजा।
वेलफेयर सोसाइटी के सचिव शैलेंद्र यादव ने कहा कि कॉलोनी के दो गेटों में एक गेट को बंद कर दिया गया है। एक गेट से ही आवागमन किया जा रहा है, ताकि बाहरी लोग नहीं आ सकें। बाहरी लोगों को गेट पर सैनिटाइजेशन व मास्क के साथ आने देते हैं। सैनिटाइजेशन नियमित कराया जा रहा है।
सामूहिक कार्यक्रमों पर फिलहाल रोक
वेलफेयर सोसायटी के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि कॉलोनी में खेलकूद, सामूहिक आयोजनों पर फिलहाल रोक लगाई गई है। लोग अपने घर की बॉलकनी और लॉन में टहल सकते हैं। बच्चों को भी ज्यादा बाहर नहीं जाने दिया जाता है। सभी नियमों का पालन कर रहे हैं।