मैनपुरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जेल विजीटर के साथ जेल का निरीक्षण किया। बंदियों की समस्यायें सुनकर जेल मैनुअल के अनुसार निराकरण करने के निर्देश जेल अधिकारियों को दिए। विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव तेंद्रपाल जेल पहुंचे। महिला बैरक, जेल अस्पताल, रसोई, बाल बैरक का निरीक्षण किया। बंदियों को बुलाकर उनकी अलग-अलग समस्याएं सुनीं। अदालत से संबंधित समस्याओं की सूची बनाकर प्राधिकरण कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए।
जेल अधिकारियों से कहा कि बंदियों की समस्याओं का जेल मैनुअल के अनुसार निराकरण किया जाए। गरीब बंदियों को मुकदमा लड़ने के लिए प्राधिकरण से निशुल्क वकील की सुविधा है। अगर कोई गरीब बंदी चाहता है तो उसका आवेदन प्राधिकरण को समय से भेजा जाए। इस मौके पर जेल विजीटर रस्किन खान, पैरालीगल वालंटियर सुशील कुमार, जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।