यूक्रेन: रोमानिया के रास्ते भारत वापसी की तैयारी, फिरोजाबाद के छात्रों ने बताई आंखों देखी, माता-पिता को बंधाया ढांढस
यूक्रेन में फंसे फिरोजाबाद के छात्रों ने बताया कि वे लगातार भारतीय दूतावास से संपर्क में हैं। भारतीय दूतावास छात्रों को रोमानिया के रास्ते भारत वापस लाने की तैयारी कर रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद जिले के कई छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। जब रूस से युद्ध छिड़ा है, तब से इन छात्रों के माता-पिता उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर चिंतित हैं। अपने बच्चों की चिंता में माता-पिता दिन-रात बेचैन हैं। मोबाइल फोन पर पल-पल की खबर ले रहे हैं। शुक्रवार को हुई बातचीत में फिरोजाबाद के छात्रों ने बताया कि वहां के हालात लगातार खराब हो रहे हैं। वो भारतीय दूतावास के संपर्क हैं। छात्रों ने बताया कि उनको रोमानिया के रास्ते भारत वापस लाने की तैयारी है।
सायरन बजने पर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया
यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे फिरोजाबाद के मथुरानगर निवासी प्रांजल शर्मा के माता-पिता रूस-यूक्रेन के मध्य ताजा हालात को लेकर बेहद डरे हुए हैं। परिजन के अनुसार बृहस्पतिवार की रात 12 बजे युद्ध का सायरन बजने और आनन-फानन में प्रांजल सहित 50 अन्य छात्रों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया गया था। पिता बसंत कुमार शर्मा ने बताया कि पुत्र से शुक्रवार की सुबह बातचीत हुई। तब उसने वहां के हालात बताए।
प्रांजल ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे अचानक युद्ध का सायरन बजते ही यूनिवर्सिटी कैंपस में फंसे करीब 50 मेडिकल छात्र भय से चिंतित हो गए। हालांकि बाद में यूक्रेन के सुरक्षा बल ने उन्हें आनन-फानन में एक बंकर में सुरक्षित पहुंचा दिया।
रोमानिया के रास्ते वापस लाने की तैयारी
प्रांजल के पिता बसंत कुमार शर्मा बताया कि प्रांजल व अन्य मेडिकल छात्रों को पहले रोमानिया भेजा जाएगा। वहां से उन्हें भारत के लिए फ्लाइट उपलब्ध कराई जाएगी। यह जानकारी प्रांजल शर्मा को यूक्रेन में भारतीय दूतावास के कर्मचारियों ने दी है। सभी छात्र भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं।
भारत सरकार का आभार जताया
केंद्र सरकार ने यूक्रेन में फंसे सभी भारतीयों को वापस लाने के लिए नि:शुल्क वायु सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। प्रांजल के पिता बसंत कुमार शर्मा और व्यापार मंडल के नेता अंबेश शर्मा ने भी केंद्र सरकार द्वारा हेल्पलाइन नंबरों पर बातचीत की। बातचीत के दौरान ही केंद्रीय नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी भारतीयों को वापस लाने का खर्चा केंद्र सरकार द्वारा उठाए जाने का आश्वासन दिया गया।
टूंडला का छात्र ओडेशा शहर में फंसा
टूंडला के शक्तिनगर निवासी एडीओ रामशंकर सिंह का पुत्र आकाश सिंह यूक्रेन के ओडेशा शहर में मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। उसका फाइनल वर्ष है। रूस और यूक्रेन के मध्य युद्ध के हालात को देखकर आकाश ने भारत वापस आने के लिए फ्लाइट बुक कराई थी। एयर टिकट आठ मार्च की बुक है, लेकिन यूक्रेन के हवाई अड्डे को रूस ने ध्वस्त कर दिया है।
शुक्रवार दोपहर आकाश के पिता रामशंकर ने जब उससे वीडियो कॉल की तो उसने काट दिया, किंतु जब वायस कॉल की तो उसने बताया कि पापा यहां के हालात बहुत ही खराब होते जा रहे हैं...। हर घंटे धमाकों की गूंज सुनाई दे रही है, लेकिन वे चिंता न करें। वह और उसके साथी भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं। हमें जल्द ही अपने देश भेज दिया जाएगा।
बस बेटा घर आ जाए और कुछ नहीं चाहिए
आकाश की मां मालतीदेवी का रो रोकर बुरा हाल है। जब से यूक्रेन में युद्ध के हालात हुए हैं, वह टीवी पर हो रहे धमाकों को देखते हुए रोए जा रही हैं। इतना ही नहीं हर एक घंटे बाद वह पुत्र आकाश से बात कर रही हैं। परिजन के मुताबिक वह इकलौते बेटे की सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रही हैं। उनका कहना है बस बेटा घर आ जाए। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संदेश भेजकर यूक्रेन में फंसे सभी बच्चों को लाने की गुहार भी लगा रही हैं।
आकाश ने कहा, हमें ओडेशा से रोमानिया लाया जाएगा
आकाश ने फोन पर बातचीत में बताया कि कीव में लगातार हमले हो रहे हैं। हम यूक्रेन के पश्चिमी छोर में हैं। यहां भी अलर्ट जारी हो चुका है। जहां मैं हूं वह शहर कीव से लगभग 150 से 200 किलोमीटर दूर स्थित है। भारतीय दूतावास लगातार भारतीय मूल के छात्रों को यहां से बचाकर बाहर निकालने की जद्दोजहद कर रही है। हमें बस से रोमानिया ले जाया जाएगा। रोमानिया ओडेशा शहर से लगभग 700 किमी दूर है। रोमानिया पहुंचने के बाद हम सुरक्षित भारत के लिए रवाना हो सकेंगे।