मैनपुरी। रविवार को मूसलाधार बारिश और बिजली की चमक ने जमकर कहर बरपाया। करहल और बिछवां क्षेत्र में जहां कच्चे मकान धराशाई हो गए। वहीं, कई स्थानों पर बिजली गिरने से घरों में दरारें आ गईं तो मंदिर पर भी बिजली गिरी। कुछ पशु भी मरें हैं।
बीते चार दिन से हो रही बारिश रविवार को अचानक मूसलाधार हो गई। थाना करहल क्षेत्र के गांव भोगपुर में एक गरीब किसान अमर सिंह चौहान का कच्चा मकान धराशाई हो गया। गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान घर में कोई भी परिजन नहीं था, वरना बड़ा हादसा भी हो सकता था। मलबा के नीचे दबकर घरेलू सामान आदि नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने गरीब को आर्थिक सहायता मुहैया कराई। बिछवां थाना क्षेत्र के गांव करीमगंज निवासी आशाराम शाक्य रविवार को बारिश के बीच घर के बाहर थे। तभी अचानक उनका कच्चा मकान भर भराकर गिर गया। घर के अंदर कोई परिजन तो नहीं था, लेकिन मलबा के नीचे दबकर एक भैंस व पड़ा की मौत हो गई। घरेलू सामान भी दब कर नष्ट हो गया। बारिश से हुए इस नुकसान की सूचना मिलने के बाद क्षेत्रीय लेखपाल ने गांव पहुंच कर क्षति आंकलन किया।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव बझेरा रोड निवासी रोडवेज कर्मी के आवास पर शनिवार की रात बिजली गिरने से परिवारीजन सहम गए। अंशुल पांडेय परिजन के साथ घर में सो रहे थे, तभी तेज धमाका हुआ और सभी लोग जाग गए। पूरा मकान तेज धमाके से हिल गया था, बिजली गिरने से लिंटर में एक बड़ा छेद हो गया। वहीं, घर के बाहर खड़ी कार के शीशे भी टूट गए। बात करें मंदिरों की तो कस्बा कुरावली के अलूपुरा अड्डा के पास स्थित दुर्गा मंदिर पर भी बिजली गिरी। कथावाचक मीरा देवी द्वारा अलूपुरा अड्डा पर मां दुर्गा का भव्य मंदिर बनवाया गया है। शनिवार रविवार की रात्रि मंदिर परिसर में अलूपुरा अड्डा निवासी कुलदीप, आनंद, विशाल और अनुज लेटे हुए थे। रविवार की सुबह अचानक तेज धमाका हुआ और सभी लोग जाग गए। बिजली गिरने से मंदिर पर लगे टाइल्स आदि टूट गए। कस्बा भोगांव में भी बारिश व बिजली ने काफी नुकसान किया। बिजली गिरने से गिरंद सिंह एक गाय व पड़िया मर गई। वहीं, जनपद में कुछ अन्य स्थानों पर बारिश व बिजली गिरने से नुकसान हुआ।