गंजडुंडवारा। गौरवमयी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को 77वीं श्री रामलीला का भव्य शुभारंभ गणेश पूजन, झंडारोहण और श्री गणेश शोभायात्रा के साथ हुआ। पंचायती बाग स्थित श्री रामलीला मैदान के मुख्य द्वार पर आचार्य रोहित उपाध्याय ने विधि-विधान से श्री गणेश पूजन कराया। इस मौके पर समाजसेवी आशीष पहलवान ने झंडारोहण किया। उद्योगपति व सभासद विजय गुप्ता ने फीता काटकर और श्री गणेश जी की आरती उतारकर भगवान गणेश की शोभायात्रा का शुभारंभ किया।शोभायात्रा में काली मंडल ने हैरतअंगेज करतब दिखाए गए। वहीं, मुंशी लाल बीन बैंड की मधुर ध्वनि ने श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। शोभायात्रा में करीब 18 आकर्षक झांकियां शामिल थीं। इनमें धार्मिक व सांस्कृतिक झलकियां देखने को मिलीं।शोभायात्रा रेलवे रोड, एटा रोड, पटियाली तिराहा, सब्जी मंडी, टीन बाजार, राजाराम चौराहा, चौंक सट्टी, बान मंडी तिराहा और थाना रोड होते हुए वापस पंचायती बाग पहुंची। इसके बाद श्री रामलीला मंचन का शुभारंभ किया गया।शोभायात्रा में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अजय गुप्ता, महामंत्री पंकज सोलंकी, आशीष गुप्ता, अनुज सक्सेना, चंद्रपाल, छात्र नेता रामकुमार सिंह, श्याम किशोर गौर, सभासद रामकुमार सहित पूरी टीम सक्रिय रही।शोभायात्रा का फूलों की वर्षा कर किया स्वागत : नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अजहर हुसैन ने समस्त रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों को फूल माला व शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया। पालिका प्रशासन की ओर से शोभायात्रा पर फूलों की वर्षा की गई।