कासगंज। अमांपुर में राजकीय महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर अमांपुर चेयरमैन चांद अली और भाजपा नेता प्रदीप रघुनंदन ने प्रतिनिधिमंडल के साथ आगरा पहुंचकर उच्च शिक्षामंत्री योगेंद्र उपाध्याय से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उच्च शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शीघ्र प्रभावी योजना तैयार की जाएगी और अमांपुर में राजकीय महाविद्यालय खोला जाएगा।
भाजपा नेता डॉ. प्रदीप रघुनंदन ने उच्च शिक्षामंत्री को बताया कि अमांपुर में उच्च शिक्षा की व्यवस्था का टोटा है। वहां राजकीय महाविद्यालय खोला जाना आवश्यक है। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष चांद अली ने कहा कि अमांपुर का क्षेत्र काफी पिछड़ा हुआ है। उच्च शिक्षा का कोई संसाधन नहीं है। इससे तमाम छात्र छात्राएं शिक्षा नहीं ले पाते। उन्होंने उच्च शिक्षामंत्री को आश्वस्त किया कि शासन स्तर से राजकीय महाविद्यालय की स्थापना का निर्णय लिया जाता है तो अमांपुर की नगर पंचायत महाविद्यालय के लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराएगी। उच्च शिक्षामंत्री ने आश्वस्त किया कि योगी सरकार विकास व शिक्षा को समर्पित है। अमांपुर में महाविद्यालय की स्थापना को लेकर शीघ्र कार्रवाई आगे बढ़ेगी। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम कुमार शर्मा, सनातन सेना के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र उपाध्याय, मोहम्मद आशिफ, यशवीर सिंह, केके मिश्रा, आरबी दुबे, डॉ. यतेंद्र राजपूत मौजूद रहे।