बेटे का इलाज कराने आए पिता से ठगी: अस्पताल के बाहर रोका, दोगुनी रकम का झांसा देकर ठगे 65 हजार रुपये
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के मुताबिक, शिकायत मिलने पर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए, जिसके बाद आरोपियों की पहचान कर ली गई।
विस्तार
आगरा में टप्पेबाज गैंग ने देहली गेट स्थित एक अस्पताल में बेटे का इलाज करा रहे पिता को ठग लिया। भारत सरकार की तरफ से लॉटरी पर दोगुनी रकम से ज्यादा मुनाफा का झांसा देकर 65 हजार रुपये ले उड़े। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह गैंग लोगों को पता पूछने के बहाने रोकता था। बातों में लेकर पर्ची खिंचवाते और रकम लेकर भाग जाते हैं। आरोपियाें को जेल भेजा गया है।
दर्ज कराया मुकदमा
चक्कीपाट, रकाबगंज निवासी इशू ने थाना हरीपर्वत में केस दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका बेटा सरकार नर्सिंग होम में 7 दिन से भर्ती है। मंगलवार को वह अस्पताल के पास पेट्रोल पंप पर किसी काम से आए थे। वहां एक व्यक्ति पता पूछने लगा। जानकारी न होने से उन्होंने मना कर दिया। वह पास ही खड़े दूसरे व्यक्ति से पता पूछने लगा। दोनों बातचीत करने लगे। पता पूछने वाले ने कहा कि वह पर्ची से लॉटरी लगाता है। भारत सरकार योजना चला रही है। इसमें जीतने वाले को दोगुनी रकम दी जाती है।
ये भी पढ़ें - पति निकला पापी: पत्नी की बनाई फर्जी फेसबुक आईडी, फिर अपलोड कर दीं ऐसी फोटो, यहीं नहीं रुका 'घरवाला'
निकलवाई पर्ची
दो और युवक आ गए। चारों ने उससे भी रकम लगाने के लिए कहा। उनके पास 65 हजार रुपये थे। वह झांसे में आ गए। पर्ची खींचने पर रकम नहीं निकली। इस पर उनसे 65 हजार रुपये लेकर चारों आरोपी बाइक और स्कूटर पर बैठकर भाग गए। ठगी का पता चलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
अस्पतालों के बाहर सक्रिय रहता है गैंग
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के मुताबिक, शिकायत मिलने पर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। बुधवार को शाहगंज निवासी सुभाष यादव, पृथ्वीनाथ फाटक निवासी संजय, रुई की मंडी निवासी भागीरथ गोस्वामी और तनुज उर्फ तनूजा गोस्वामी को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक बाइक, एक स्कूटी, 32700 रुपये, चार आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, 884 लिफाफे नंबर डली पर्ची, दो बंडल 500 और 200 के नोट लगी कागज की गड्डी बरामद की गई। ये कई वारदात कर चुके हैं। भागीरथ पर सात, सुभाष पर दो, तनुज पर नौ और संजय पर एक-एक मामले दर्ज हैं। गैंग के लोग अस्पतालों के बाहर सक्रिय रहते हैं।