प्रोफेसर गोलीकांड में शामिल चार बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
- 90 लाख का मकान 30 लाख में खरीदने पर मारी थी प्रोफेसर और उनके भाई को गोली
- थाना एत्माद्दौला पुलिस ने घटना में शामिल चार बदमाशों को किया गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर आरके भारती के भाई हरीशंकर पर गोली मारने के मामले में पुलिस ने शनिवार को चार आरोपियों को टेढ़ी बगिया से गिरफ्तार कर लिया। हत्या की सुपारी सदर के सोहल्ला के बदमाश बंटी यादव ने तीन लाख रुपये में ली थी। विवाद के पीछे 90 लाख रुपये का मकान 30 लाख रुपये में खरीदने की बात सामने आई है। पूर्व में प्रो. आरके भारती को गोली मारने में लेन-देन का विवाद बताया गया था।
28 जून को प्रोफेसर आरके भारती को गोली मारी गई थी। वो मॉर्निंग वाक पर निकले थे। तभी दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने कुछ दिन बाद घटना का खुलासा किया था। आरोपी नाऊ की सराय निवासी सुरेश बघेल और टेढ़ी बगिया निवासी मोंटू को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। मामला लेन-देन का पुलिस ने बताया था। घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद नहीं हुई थी।
इधर, 13 अगस्त को आरके भारती के भाई हरीशंकर को इसी अंदाज में गोली मारी गई। वह गुड्डू के गोदाम पर बैठे हुए थे। उन्हें पांच गोली मारकर दो बदमाश बाइक से भाग गए थे। दूसरी घटना के बाद परिजनों ने पुलिस के खुलासे पर सवाल उठाए थे।
बंटी यादव को दी थी तीन लाख में सुपारी
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक का कहना है कि शिवम का 165 वर्ग गज का मकान है। यह आरके भारती के बराबर में है। आरोपी शिवम ने पूछताछ में बताया कि मकान की कीमत तकरीबन 90 लाख रुपये है, जबकि प्रोफेसर आरके भारती ने यह मकान मोंटू की मदद से 30 लाख रुपये में ही अपने नाम करा लिया।
इस कारण शिवम और जेल में बंद उसका भाई बबलू आरके भारती के परिवार से रंजिश मानने लगे। दोनों ने मोंटू के साथ गोली मारने की साजिश की थी। पहले आरके भारती को मोंटू और सुरेश ने गोली मारी थी। इसके लिए शिवम से मोंटू ने 1.85 लाख लिए थे। इसके बाद शिवम ने सोहल्ला निवासी बंटी यादव को हरीशंकर को मारने के लिए सुपारी दी थी।
बंटी यादव हत्या कर चुका है। उस पर गैंगस्टर के मुकदमे हैं। बंटी ने अपने गुर्गे रवि, राहुल, दीपक, अर्जुन को गोली मारने भेजा था। हरीशंकर को गोली मारने रवि और बॉबी आए थे। दोनों भाई हैं। उन्हें शिवम ने 40-40 हजार रुपये दिए थे। बंटी यादव, राहुल, दीपक और अर्जुन फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
- शिवम निवासी मुड़ी जहांगीर, खंदौली।
- रवि निवासी श्याम विहार कॉलोनी, एत्माद्दौला।
- बॉबी निवासी नरीपुरा, शाहगंज।
- दीपक गोला निवासी नरीपुरा, शाहगंज।
ये उठ रहे सवाल
- आरके भारती पर हमले के खुलासे में लेन-देन का विवाद बताया। अब मकान खरीदने का विवाद। हकीकत क्या है?
- सुरेश और मोंटू को जेल भेजने पर पुलिस ने ठीक से पूछताछ क्यों नहीं की? पहले घटना में दो आरोपी बताए थे?
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि घटना में नौ बदमाश शामिल थे। इनमें दो को पहले पकड़ा गया था। चार और पकड़ लिए गए हैं। तीन अभी फरार हैं। मकान को कम कीमत में खरीदने पर गोली मारने की बात सामने आई है। हालांकि अभी आरोपियों से और पूछताछ की जाएगी।