कार-ट्रक की भिड़ंत में चार लोगों की मौत: आगरा का परिवार जा रहा था कैला देवी, धौलपुर-करौली हाईवे पर हुआ हादसा
आगरा से कैलादेवी दर्शन करने के लिए जा एक ही परिवार के मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में घायल चार अन्य को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
विस्तार
धौलपुर जिले के सदर थाना इलाके के एनएच-11-बी धौलपुर-जयपुर राजमार्ग पर विश्नौदा गांव के निकट रविवार देर रात भीषण हादसा हो गया। स्विफ्ट कार और ट्रक में आमने- सामने की भिड़ंत में कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में कार सवार ही चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए ,जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल से चारों घायलों की गंभीर हालत होने पर उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जा रहे थे कैलादेवी
उत्तर प्रदेश के आगरा के देवरी रोड मधु नगर के रहने वाले दो परिवारों के लोग कार से कैलादेवी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। रात को करीब 11 बजे उनकी कार की भिड़ंत सामने से आ रहे ट्रक से हो गई। कार्यवाहक एएसपी सुरेश सांखला ने बताया कि हादसे में कार में सवार ड्राइवर कमलेश उर्फ गुड्डू चौहान (40) वर्ष, महिला विमला शर्मा (70) पत्नी संतराम एवं सुमन (38) पत्नी रंजीत तथा एक बालक अंशु (8) पुत्र रंजीत की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें - अतीक-अशरफ हत्याकांड: शूटर अरुण से जुड़े पांच सवाल कर रहे जांच एजेंसियों को परेशान? जवाब मिले तो सुलझेगी गुत्थी
ये हुए घायल
हादसे में कार में सवार महिला नंदिनी शर्मा (38) पत्नी यशपाल शर्मा के साथ तीन बच्चे आर्या (11) पुत्री यशपाल, कनिका (14) पुत्र यशपाल और आयुष (9) पुत्र विक्रम सिंह घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़ कर मौके से फरार हो गया है। सोमवार सुबह आगरा से मृतक के परिजन धौलपुर पंहुचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया। इस संबंध में सदर थाने में ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कार्रवाई की जा रही है।