Agra: स्कूल में डकैती डालने वाले चार बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, चार अब भी फरार; तलाश जारी
आगरा में स्कूल में डकैती डालने वाले चार बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए। चार अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजगंज के पचगाई पट्टी स्थित सेंट जोसेफ वर्ल्ड स्कूल में चार अक्तूबर की रात आठ बदमाशों ने डकैती डाली थी। मंगलवार तड़के पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने गोलियां चलाईं तो पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के बाद चार गिरफ्तार कर लिए। इनमें शनि पंडित और सागर गोली लगने से घायल हो गए। पूर्व में पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया था। अब डकैती की धारा की वृद्धि की गई।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि चार अक्तूबर को जय सिंह कुशवाहा के पचगाई पट्टी स्थित स्कूल में डकैती की वारदात हुई थी। बदमाशों ने संचालक की बेटी रजनी, दामाद नवीन और धेवती श्रेष्ठा को बंधक बनाया था। 70 हजार रुपये, 15 बैटरी, लैपटॉप, तीन एलईडी स्कूल वैन में लूटकर ले गए थे। घटना के खुलासे के लिए एसओजी प्रभारी आनंदवीर सिंह के साथ थाना ताजगंज पुलिस लगी थी।
पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार तड़के पुलिस ने गढ़ी देवरी के पास लोडर वाहन से आए बदमाशों को घेर लिया। दो पैदल भागने लगे, जबकि दो बाइक से भागे। पुलिस के घेराबंदी करने पर दोनों तरफ से गोलियां चलीं। इसके बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। चार बदमाश फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
250 कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस ने बताया कि बदमाश स्कूल वैन में सामान ले गए थे। वैन स्कूल से 1.5 किलोमीटर दूर खड़ी मिल गई। इस पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाले गए। तकरीबन 250 कैमरों की फुटेज जांची गई, जिससे सुराग मिला। वारदात की रात तीन वाहन निकले थे।
इनमें दो की नंबर के आधार पर पहचान कर ली। इसमें एक में मजदूर भूसा लेकर तो दूसरे में एक व्यक्ति अपनी बीमार बेटी को लेकर गया था। तीसरे लोडर वाहन का नंबर नहीं आया। बस यही दिखा कि आगे तीन और पीछे कुछ लोग बैठे हैं। लोडर पर जय श्रीराम लिखा हुआ था। इससे पुलिस ने तलाश की। सब्जी मंडी में इस तरह के दो लोडर मिले।
इनकी हुई गिरफ्तारी, बरामदगी
पुलिस ने औरैया के गोपालपुर निवासी शनि पंडित उर्फ बिहारी पंडित, राजपुर चुंगी निवासी सागर, नीति बाग निवासी अरविंद राठौर और सचिन उर्फ बाबी जाट को गिरफ्तार किया है। उनसे आठ सोलर बैटरी, दो एलईडी, 10 हजार, दो तमंचे, तीन कारतूस, एक लोडर वाहन और एक बाइक बरामद की है। अरविंद पर चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, जानलेवा हमला, एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे भी शामिल हैं। शनि पर वर्ष 2021 में चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ था।
दो दिन से कर रहे थे रेकी
गैंग का सरगना शनि है। सचिन गाड़ी लेकर आया था। दो दिन से सभी स्कूल की रेकी की जा रही थी। बदमाशों को लग रहा था कि स्कूल में कोई रहता नहीं है। इसलिए तैयारी करके आए। लोडर वाहन से पहले ही उतर गए और पैदल ही स्कूल तक गए। वारदात को अंजाम देने के बाद लूट का सामान कुछ दूर तक स्कूल वैन में लेकर आए और सामान अपने वाहन में लोड करके भाग गए।