Buddha Purnima 2022: कासगंज में गंगा स्नान के दौरान डूबे पांच श्रद्धालु, दो की मौत, एक को गोताखोरों ने बचाया
बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर स्नान के दौरान दो श्रद्धालुओं की डूबकर मौत हो गई। दो लापता हैं, जबकि एक श्रद्धालु को बचा लिया गया। मरने वालों में एक हाथरस और दूसरा बदायूं जिले का रहने वाला था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कासगंज जिले में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को अलग-अलग गंगा घाटों पर स्नान करते समय पांच श्रद्धालु नदी में डूब गए। इनमें से एक श्रद्धालु को स्थानीय गोताखोरों ने बचा लिया। एक श्रद्धालु का शव बरामद कर लिया गया। कछला गंगा घाट पर डूबे श्रद्धालु को बेहोशी की अवस्था में गंगा से बाहर निकाला गया। उसने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दो श्रद्धालु अभी भी लापता हैं। इनकी तलाश की जा रही है। श्रद्धालुओं की मौत से उनके परिवार में चीत्कार मच गया।
पहला हादसा कछला गंगा घाट पर सोमवार की सुबह हुआ। हाथरस के गांव से आए लोग गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी 20 साल का बीफार्मा छात्र देवराज स्नान करते समय गहरे पानी की ओर चला गया और डूब गया। परिवार के लोगों ने शोर मचाया। कछला पर मौजूद गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को निकाला। बेहोशी की अवस्था में उसे सोरोंजी के चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चाचा की मौत, भतीजा लापता
दूसरा हादसा नगला टिकुरी के गंगा घाट पर हुआ। यहां गंगा स्नान करते समय बदायूं जनपद के तीन श्रद्धालु नदी में डूब गए। इनमें से एक श्रद्धालु सोमवीर पुत्र लाल सिंह निवासी गांव कडल्लाराज थाना मुजरिया जनपद बदायूं को बचा लिया गया, जबकि राकेश (50) पुत्र तारा सिंह निवासी खिरिया, बाबरपुर थाना कादरचौक का शव गोताखोरों ने बरामद किया है। राकेश का भतीजा राजीव (25) पुत्र शेर सिंह लापता है।
लापता श्रद्धालुओं की तलाश जारी
गोताखोर लापता राजीव की तलाश में जुटे हैं। शाम छह बजे तक उसका पता नहीं चल सका। उधर, कादरगंज गंगा घाट पर किताब सिंह (60) निवासी ग्राम कटीगरा थाना धुमरी जनपद एटा गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से डूब गया। वह अभी लापता है। गोताखोर तलाश कर रहे हैं। थाना सिकंदरपुर वैश्य के इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि गंगा में डूबकर लापता हुए श्रद्धालुओं की तलाश जारी है। पुलिस की निगरानी में गोताखोर तलाश कर रहे हैं।