हमला: यमुना किनारे बैठे दो दोस्तों पर फायरिंग, गोली लगने से दोनों हो गए घायल
घर से टहलने निकले दोनों युवक यमुना किनारे बैठे थे, तभी पीछे से आए कार सवारों ने गोलियां चलाईं। हमले में दोनों ही दोस्त घायल हो गए।
विस्तार
आगरा के दयालबाग स्थित कल्याणी हाइट्स के नजदीक रविवार को देर रात यमुना किनारे बैठे दो युवकों पर फॉरच्यूनर गाड़ी सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। एक युवक की पीठ तो दूसरे के पैर में गोली लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आए लोगों ने घायलों को निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की तलाश की। रंजिश में गोली मारे जाने की आशंका है, जांच की जा रही है।
यहां का है मामला
थाना न्यू आगरा क्षेत्र स्थित नगला हवेली के रहने वाले राहुल और नीरज की आपस में मित्रता है। दोनों दोस्त रात करीब 11 बजे घर से टहलते हुए कल्याणी हाइट्स के पीछे स्थित यमुना किनारे बैठे हुए थे। इसी बीच स्कॉपियो गाड़ी में आए हमलावरों ने दोनों युवकों के ऊपर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया कि चार से पांच राउंड फायरिंग की गई। दोनों दोस्तों ने भागने की कोशिश की मगर वह संभल नहीं सके। राहुल की पीठ में गोली लगी, जबकि नीरज के पैर में गोली लगी है।
ये भी पढ़ें - Mainpuri Murder Case: दुल्हन का कत्ल करने में दिखाई सबसे अधिक बर्बरता, चेहरा और सिर काटा, दूल्हे पर पांच वार
भाग निकले हमलावर
चीखपुकार और गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े तो गाड़ी सवार हमलावर भाग निकले। लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें एसएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। फायरिंग की सूचना पर न्यू आगरा थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि घटना के पीछे रंजिश का मामला है। पूछताछ में कुछ लोगों पर शक जाहिर किया गया है। हमलावर ट्रांस यमुना क्षेत्र के बताए गए हैं। अपराधी प्रवृति के हैं और पूर्व में जेल जा चुके हैं। गिरफ्तारी के लिए टीम को लगाया है।
ये भी पढ़ें - मौत से पहले आखिरी सेल्फी: खंडहर में छात्रा के ऊपर गिरा गुंबद, हादसा ऐसा कि दहल गया दिल