फिरोजाबाद: कबूतर मंडी की 11 दुकानों में लगी आग, पिंजड़ों में बंद कबूतर और मुर्गे जलकर मरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र की कबूतर मंडी (हाजीपुरा चौराहा) में शुक्रवार तड़के दुकानों में आग लग गई। आग से दुकानों में रखे सामान सहित पिंजड़ों में बंद मुर्गे और कबूतर जिंदा जल गए। सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
शुक्रवार को तड़के करीब चार बजे थाना रसूलपुर स्थित कबूतर मंडी के पास स्थित दुकानों में अचानक आग लग गई। तेजी से फैली आग ने आसपास की दुकानों एवं खोखो को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की चार गाड़ियों को मौके पर भेजने के साथ शिकोहाबाद से फायरब्रिगेड की गाड़ी को मौके पर बुला लिया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आने से 11 दुकानों में रखे सामान सहित पिंजड़ों में बंद सैकड़ों मुर्गे और कबूतर जिंदा जल गए।
आग से युवक भी झुलसा, लोगों में आक्रोश
दुकानों के पास ही सो रहा हाजीपुरा निवासी शानू (32) पुत्र मोहम्मद युसुफ आग बुझाने के दौरान झुलस गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आक्रोशित दुकानदारों का कहना है कि फायरब्रिगेड को सूचना देने के बाद भी दमकलें काफी देर से आईं।
दुकानदारों ने आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की है। सदर विधायक मनीष असीजा ने तहसील की टीम से नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रवींद्रलाल तिवारी के नेतृत्व में व्यापारी भी पीड़ित दुकानदारों से मिले।
इन लोगों की दुकानों में लगी आग
हाजीपुरा चौराहा (कबूतर मंडी) में आग लगने की घटना से जीशान, फैजान, फुरकान चाय वाले, वकील मुर्गा वाला, इलियास चाय वाले, मुन्ना बानों, अलीशान, अफरोज के सब्जी का खोखा, शाहिद, वकील, लईक आदि की दुकानों में आग से नुकसान हुआ है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह ने कहा कि हाजीपुरा चौराहे के पास (कबूतर मंडी) में आग लगने की सूचना शुक्रवार को सुबह 4:44 बजे डायल 112 एवं कंट्रोल रूम से मिली थी। 4:55 पर फायरब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। दुकानों के अंदर मिनी सिलिंडर फटने से आग और तेज हो गई। आग पर हर संभव प्रयास कर काबू पाया गया।