फिरोजाबाद: 48 घंटे में बुखार से दो सगे भाइयों सहित तीन बच्चों की मौत, गांव में भय का माहौल
फिरोजाबाद में बुखार लगातार कहर बरपा रहा है। वायरल बुखार और डेंगू से मौतों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशें नाकाम साबित हो रही हैं। जसराना क्षेत्र के गांव कुसियारी में 48 घंटे में दो सगे भाइयों सहित तीन बच्चों की मौत हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गांव कुशियारी निवासी आशीष के पुत्र कृष्णा (5) को बुखार आने पर उसका जसराना में उपचार कराया गया। आराम न मिलने पर परिजन उसे आगरा ले गए, जहां दो दिन पूर्व उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गांव के विनोद कुमार के दो पुत्र चिंटू (3) एवं रिषी (5) को बुखार आने पर उनका उपचार चल रहा था।
रविवार की सुबह उपचार के दौरान चिंटू ने फिरोजाबाद में दम तोड़ दिया। सोमवार की सुबह आगरा में उपचार के दौरान रिषी की मौत हो गई। दो सगे भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं 48 घंटे में तीन बच्चों की मौत होने से गांव में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अभी भी 25 से लोग बीमार हैं, जिनका उपचार चल रहा है। सामुदायिक स्वास्थय केंद्र के अधीक्षक डॉ. मुनींद्र कुमार ने कहा कि रविवार को आरोग्य मेला लगाया गया था। गांव में शिविर लगाकर जांच के बाद दवा का वितरण किया जाएगा।
ये लोग हैं बीमार
गांव कुशियारी में विजयपाल (40), माधव (5), स्नेहलता (25), चितरंजन (55), साधू (60), वंश (6), रघुवीर सिंह (60), अभिषेक (8), जुमा(55) सहित कई लोग बीमार हैं।
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जिले में डेंगू एवं वायरल फीवर को रोकने के लिए जिला प्रशासन गांवों में सफाई अभियान चलाने का दावे कर रहा है, लेकिन कुशियारी गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी की भरमार है। स्वास्थ्य केंद्र में झाड़ियों के साथ घास उग आई है। गांव में तीन बच्चों की मौत के बाद ग्रामीणों ने सरकारी अस्पताल के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने यहां चिकित्सकों के न आने का आरोप लगाया है।
ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में किसी भी डॉक्टर की तैनाती न होने के कारण लोगों को सरकारी चिकित्सा सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बीमार होने पर लोगों को फिरोजाबाद, जसराना, शिकोहाबाद एवं आगरा की दौड़ लगानी पड़ती है।
सनसनीखेज वारदात: आगरा में किसान की हत्या से सनसनी, घर के बाहर चारपाई पर मिला शव