Etah: झोलाछाप ने ऑपरेशन से कराया प्रसव, बच्चे को जन्म देने के बाद प्रसूता की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
एटा के अवागढ़ स्थित अपंजीकृत अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
विस्तार
एटा के अवागढ़ कस्बे के एक अपंजीकृत अस्पताल में गर्भवती महिला का ऑपरेशन से प्रसव कराया गया। इस दौरान महिला की मौत हो गई। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। परिजन ने अस्पताल संचालक सहित चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव भजनपुरा निवासी पंकज राजपूत ने थाने में दी है। तहरीर में बताया कि उसने पत्नी पूजा को प्रसव पीड़ा होने पर कस्बे के हेरीटेज हॉस्पिटल में सोमवार को भर्ती कराया। चिकित्सक व संचालक द्वारा आश्वासन दिया गया कि वह ठीक से प्रसव करा देंगे। ऑपरेशन की सभी व्यवस्थाएं अस्पताल में पूर्ण हैं। मंगलवार रात करीब 1:30 बजे पत्नी का ऑपरेशन कर दिया। बच्चे का जन्म हो गया। चिकित्सक व अस्पताल संचालक ने बच्चे को रात में ही एटा के एक चिकित्सक के अस्पताल में भेज दिया।
संचालक और डॉक्टर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
मंगलवार सुबह सात बजे अस्पताल संचालक द्वारा पत्नी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई। कहा कि इलाज के लिए आगरा ले जाओ। हम लोग व्यवस्था कर रहे थे कि नौ बजे पत्नी की मौत हो गई। प्रसूता की मौत की सूचना पर एसीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार टीम ने साथ मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने अस्पताल को सील कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी फूलचंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर संचालक उपेंद्र शाह और डॉ. शिखा के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
लैब संचालक भागा
स्वास्थ्य विभाग टीम ने बसुंधरा में एक पैथोलॉजी लैब पर छापा मारा। इसका संचालक दुकान बंद कर भाग गया। बाहर नोटिस चस्पा की कार्रवाई की गई।
सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल हमारे कार्यालय में पंजीकृत नहीं था। जानकारी मिलते ही टीम भेजकर इसको सील कराया गया है। किसी भी अपंजीकृत स्वास्थ्य इकाई को चलने नहीं दिया जाएगा।