बाह। पंचायतों में महिला मेट के शोषण उत्पीड़न और एक ही गांव में 4-5 महिलाओं के रजिस्ट्रेशन के मामले को लेकर ग्रामीण विकास समिति के बैनर तले सोमवार को तहसील मुख्यालय बाह पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित 5 सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम बाह को सौंपा गया।
मनेरगा महिला मेट ग्रामीण विकास समिति ने ज्ञापन में महिला मेट की तैनाती में मनमानी एवं उत्पीड़न रोके जाने की मांग उठाई है। समिति के जिला संयोजक भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में करनपुरा, नौगवा, चित्राहाट, गढ़वार, पारना, संजेती, कूकापुरा, रूपपुरा, सूरा का पुरा, उदयपुर कला, गढ़ी रम्पुरा, पई आदि गांव की महिला मेट ने सोमवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायतों में हो रहे उत्पीड़न के मामले उठाए। एक ही पंचायत में कई महिलाओं के मेट के रूप में रजिस्ट्रेशन होने की जानकारी दी। मानदेय दिलाने, 20 श्रमिकों के प्रतिबंध को हटाए जाने, रजिस्ट्रेशन की मनमानी रोके जाने, जिन पंचायतों में महिला मेट नहीं है, उनमें तैनाती किए जाने के मामले उठाए हैं। इस दौरान विनीता यादव, प्रिया देवी, नेमा कुमारी, बीन, अंजू, मीरा देवी, राधा, संगीता, डॉली, किरन देवी और आरती आदि मौजूद रहीं।