मथुरा में बुजुर्ग महिला की हत्या: घर में चारपाई पर पड़ा मिला खून से लथपथ शव, पुलिस जांच में जुटी
महिला घर पर अपनी नातिन के साथ सो रही थी। यह वारदात मंगलवार को रात हुई है। महिला के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के गांव पालीखड़ा में चारपाई पर सो रही बुजुर्ग महिला की सिर पर प्रहार करके हत्या कर दी गई। यह वारदात मंगलवार रात को हुई। महिला का बेटा परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने ससुराल गया था। उसके साथ घर में केवल एक नातिन थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना हाईवे के गांव पालीखेड़ा निवासी हरी सिंह की मां शकुंतला देवी (65) पत्नी नंदू की मंगलवार की रात उस समय हत्या कर दी गई, जब उनका बेटा अपने परिवार के साथ धनगांव स्थित ससुराल में एक कार्यक्रम में भाग लेने गया हुआ था। बताया गया कि पास ही में रहने वाले दूसरे बेटे ओमप्रकाश की 12 वर्षीय बेटी ही दादी के साथ घर में थी।
खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा मिला शव
देररात वह अपने कमरे में जाकर सो गई और सुबह चार बजे जब वह जागी तो दादी को देखने उनके कमरे में पहुंची। वहां खून से लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए। वह चीखने लगी इससे आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि वृद्धा के सिर पर भारी वजन की किसी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की गई है। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने बताया कि मृतका नाक, कान, गले में जो जेवर पहने थी वह भी सुरक्षित है।
पास ही पैसों से भरा डिब्बा भी सुरक्षित मिला है। इससे लगता है कि हमलावरों का उद्देश्य लूट नहीं हत्या ही रहा है। पुलिस पूरे मामले छानबीन कर रही है। परिजनों के अनुसार मृतका अपने बेटे हरि सिंह और पुत्रवधू मधु के साथ रहती थी। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।