DBRA University : स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 13 अगस्त से, 99 हजार छात्र-छात्राएं होंगे शामिल
स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं में 99 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। छात्र-छात्राओं को परीक्षा शुल्क में राहत मिली है। शासन की ओर से तय और उच्च न्यायालय से निर्देशित शुल्क ही लिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत स्नातक स्तर के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 13 अगस्त से शुरू होंगी। सोमवार को विश्वविद्यालय के बृहस्पति भवन में हुई परीक्षा समिति की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगी। परीक्षाओं में इस्तेमाल की गईं उत्तर पुस्तिकाओं को साल भर के लिए संरक्षित भी किया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक ओमप्रकाश ने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए 19 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। जरूरत पर और नोडल केंद्र बढ़ाए जा सकते हैं। इसमें करीब 99 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभी प्रवेशपत्र नहीं बने हैं और केंद्र भी निर्धारण नहीं हुए। ये कार्य दो-तीन दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
कमेटी ने ये भी निर्णय लिया है कि परीक्षा में उपयोगी की गईं उत्तर पुस्तिकाओं का एक साल तक संरक्षण किया जाएगा, जिससे किसी भी छात्र की आपत्ति पर इसका आकलन किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय में डिजिटल मूल्यांकन की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी, इसके लिए कार्य चल रहा है।
राहत : शासन से तय परीक्षा शुल्क ही लिया जाएगा
विश्वविद्यालय के 99 हजार छात्र-छात्राओं को परीक्षा शुल्क में राहत मिली है। समिति ने बताया कि शासन की ओर से तय और उच्च न्यायालय से निर्देशित शुल्क ही लिया जाएगा। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि अब प्रति सेमेस्टर 800 रुपये लिए जाएंगे। इससे पहले 1750 रुपये लिए जा रहे थे।
दरअसल, कॉलेज संचालक ने कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की थी कि शासन से तय शुल्क ही लिया जाए। इस पर कोर्ट ने तय फीस लेने के लिए आदेशित किया। इस पर विधिक राय लेने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन तय शुल्क ही लेगा।