Nikay Chunav 2023: मैनपुरी में डिंपल ने संभाली कमान, पहले दिन ही खेल दिया जीत के लिए बड़ा दांव, विरोधी हैरान
सांसद डिंपल यादव ने मैनपुरी के भोगांव से जीत के लिए बड़ा दांव खेला है। यहां से उन्होंने चेयरमैन पद की निर्दलीय प्रत्याशी नसरीन बानो को समाजवादी पार्टी ने अपना समर्थन दे दिया है।
विस्तार
मैनपुरी में सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं और जनता का उत्पीड़न सरकार द्वारा किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को दबाया जा रहा है। जनता ये सब देख रही है। चार मई को होने वाले मतदान में इसका मुंहतोड़ जवाब जनता देगी। उन्होंने सपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की भी अपील की।
सांसद डिंपल यादव शुक्रवार को आवास विकास स्थित सपा कार्यालय पहुंचीं। यहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ ही उन्होंने नगर पालिका से सपा प्रत्याशी सुमन वर्मा को जिताने की अपील कार्यकर्ताओं से की। उन्होंने कहा कि आम जनता को परेशान करके वोट हासिल नहीं किया जा सकता है। मैनपुरी की जनता ने जो इतिहास लोकसभा उप चुनाव में रचा था वही इतिहास एक बार निकाय चुनाव में भी मैनपुरी की जनता रचने जा रही है।
ये भी पढ़ें - जाको राखे साइयां: ट्रक ने रौंदे बाइक सवार, दो की मौत पर पिता-पुत्री को नहीं आई खरोंच, घटना देख कांप गए लोग
कुरावली में भी मांगे वोट
मैनपुरी के बाद वे कुरावली पहुंचीं। यहां प्रत्याशी अमृता गुप्ता के समर्थन में कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील की। साथ ही वोट भी मांगे। इस दौरान कुरावली के मुहल्ला सराय में 20 मार्च को सड़क दुर्घटना में हताहत हुए मजदूरों के घर शोक संवेदना जताने भी पहुंचीं। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार यादव, सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, प्रत्याशी सुमन वर्मा, प्रत्याशी अमृता गुप्ता आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - अगले जनम मोहे बिटिया न कीजो: एटा में एक हफ्ते में लड़की का दो बार अपहरण, दोनों बार किया गया सामूहिक दुष्कर्म
नसरीन बानो को सपा ने समर्थन दिया
नगर पंचायत भोगांव में चेयरमैन पद की निर्दलीय प्रत्याशी नसरीन बानो को समाजवादी पार्टी ने अपना समर्थन दे दिया है। नसरीन बानो पूर्व में भी नगर पंचायत भोगांव में चेयरमैन रह चुकी हैं। सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने बताया कि नगर पंचायत भोगांव में चेयरमैन पद के लिए पार्टी ने किसी को टिकट नहीं दिया था। सांसद डिंपल यादव के निर्देश पर पार्टी ने शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशी नसरीन बानो को अपना समर्थन दे दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को नसरीन बानो के समर्थन में प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में चेयरमैन रह चुकी नसरीन बानो रसूलाबाद निवासी अकबर कुरैशी की पत्नी हैं।