Agra News: गर्मी के कारण डायरिया व फंगल इंफेक्शन के मरीज बढ़े, डॉक्टर ने बताए बचाव के तरीके
आगरा में गर्मी के कारण डायरिया व फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। डॉक्टर ने बचाव के तरीके बताए हैं। जिन्हें अपनाकर आप बीमार होने से बच सकते हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में गर्मी में तापमान बढ़ने के साथ-साथ एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में डायरिया व फंगल इंफेक्शन के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को भी मेडिसन ओपीडी में 40 से 45 मरीज रहे, जिसमें उल्टी, दस्त, बुखार, पेटदर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही। त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में धूप से त्वचा झुलसने व पसीने से होने वाली एलर्जी के मरीजों की संख्या अधिक रही।
डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ रही
एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अजित चाहर ने बताया कि मेडिसन ओपीडी में शुगर, ब्लड प्रेशर, लिवर, किडनी के मरीजों के संख्या तो रहती ही है, लेकिन इस समय तापमान अधिक होने के कारण निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। इसलिए किसी को भी पीले रंग का पेशाब, तेज सिरदर्द, कब्ज, सुस्ती और थकान महसूस हो तो वह खूब पानी पीये। मिर्च-मसाला खाने से बचे।
यह भी पढ़ेंः- शादीशुदा से युवती को हुआ इश्क: गर्भवती होने पर मिला ये सिला..समाज के ताने सुन कब्रिस्तान में बेटी को दिया जन्म
इस तरह कर सकते हैं बचाव
त्वचा रोग विभाग के डॉ. यतेंद्र चाहर ने बताया कि इस समय ओपीडी में धूप से त्वचा झुलसने व फंगल इंफेक्शन के मरीज अधिक आ रहे हैं। फंगल इंफ्केशन में व्यक्ति को पसीना आने पर उस हिस्से में खुजली होने लगती है। लोगों को चाहिए कि त्वचा को सूखा रखें। धूप से बचें। फुल स्लीव के कपड़े पहनें। मेडिसन ओपीडी में 393 नए व 129 पुराने मरीज पहुंचे। त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में 228 नए व 29 पुराने मरीज पहुंचे।
यह भी पढ़ेंः- अंजलि हत्याकांडः इंस्टाग्राम पर अलग-अलग ID से लड़कियों को फंसाता, संपत्ति पर रहती नजर, उन्हीं से पूरे करता शौक
घंटों लाइन में करना पड़ा इंतजार
जिला अस्पताल में सोमवार को भी मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण दवाएं लेने के लिए मरीज आपस में धक्का-मुक्की करते नजर आए तो कुछ महिलाएं घंटों लाइन में लगे रहने के कारण जमीन पर बैठकर इंतजार करती दिखीं। प्रमुख अधीक्षिका डॉ. अनीता शर्मा ने बताया कि सोमवार को मरीजों की संख्या अधिक रहती है। इस कारण व्यवस्थाएं थोड़ी बिगड़ जाती हैं।