UP: एटा में कोहरे के तल्ख तेवर, 3 डिग्री सेल्सियस लुढ़का पारा, जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल
अधिकतम तापमान में 23 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों में ही रविवार की अपेक्षा तीन-तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। कोहरे ने तल्ख तेवर अपना लिए। सुबह घना कोहरा होने की वजह से दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई, जिसके चलते खासतौर से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं तापमान भी तीन डिग्री लुढ़ककर आठ डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सुबह 11 बजे के बाद धूप खिल सकी।
एटा में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ था। जिसकी वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। चालक अपने वाहनों की हेडलाइट के साथ ही पार्किंग लाइट जलाकर गुजर रहे थे। सुबह के समय जब बच्चे स्कूल के लिए गए तो उन्हें भी कोहरे ने परेशान किया। कोहरे की वजह से लोगों के कपड़ों पर ओस जमी नजर आई। सुबह 10 बजे के बाद कोहरा हटना शुरू हुआ तब सूर्यदेव ने दर्शन दिए। लेकिन केवल चमक ही नजर आ रही थी। धूप खिलने तक 11 बजे गए। सोमवार को कोहरे के साथ ही ठंड का भी असर बढ़ा। अधिकतम तापमान में 23 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों में ही रविवार की अपेक्षा तीन-तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
सड़क पर यातायात हुआ प्रभावित
कोहरे के कारण सुबह सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई है। वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अधिक समय खर्च करना पड़ा। खासकर ग्रामीण क्षेत्र में कोहरे का असर ज्यादा दिखाई दिया। वहीं, कोहरा पड़ने से किसान खुश हैं। यह कोहरा फसलों के लिए काफी फायदेमंद बताया जा रहा है।
मारहरा में लोगों ने जलाए अलाव
सर्द हवा और कोहरे के कारण ठंड में भी इजाफा हो गया। कोहरे का असर इस कदर था कि 10 कदम की दूरी के बाद साफ नहीं दिखाई दे रहा था। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। चालक एक-दूसरे वाहन के पीछे लाइट के सहारे रेंगते दिखे। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने ठंड से राहत के लिए अलाव का सहारा लिया। मौसम में अचानक परिवर्तन की वजह से लोगों ने शरीर पर कपड़ों के बोझ को बढ़ा दिया। सुबह से घने कोहरा का प्रभाव बना रहा।