आगरा: डेंगू के 13 मरीजों में मिला घातक डेन-2 स्ट्रेन, लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में हुई पुष्टि
आगरा में डेंगू के 13 मरीजों में घातक डेन-2 स्ट्रेन मिला है। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने बताया कि 25 नमूने जांच के लिए लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय भेजे गए थे। इनमें 13 की रिपोर्ट आ गई है। सभी में डेन-2 स्ट्रेन की पुष्टि हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इसमें छह से 45 साल की उम्र के मरीज हैं। इनमें से जांच में 13 मरीजों में स्ट्रेन-2 मिला है। डेंगू के मरीजों की जांच कराने पर पहली बार इस स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। इनमें से 10 मरीज ठीक हो गए हैं। तीन मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। बाकी के 12 नमूनों की अभी जांच चल रही है।
चारो सीरोटाइप में यह सबसे खतरनाक
एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग और वायरोलॉजी लैब के नमूना कलेक्शन के प्रभारी डॉ. विकास गुप्ता ने बताया कि डेंगू के सीरोटाइप में डेन-1, डेन-2, डेन-3 और डेन-4 स्ट्रेन होते हैं। इनमें सबसे खतरनाक डेन-2 है। यह अन्य के मुकाबले तीन गुना खतरनाक है। इससे मस्तिष्क, लिवर, हृदय, बोनमेरो समेत शरीर के अन्य हिस्से प्रभावित होते हैं।
डेन-2 स्ट्रेन से डेंगू के मरीजों में ब्लैक स्टूल की परेशानी मिल रही है। एसएन मेडिकल कॉलेज के डेंगू वार्ड में भर्ती ऐसे सात मरीज मिले हैं। इनमें पेट में अल्सर और रक्तस्राव भी हुआ है। इलाज के बाद इनकी हालत ठीक है।
एसएन के बाल रोग के डेंगू वार्ड प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि मल के गहरे काले रंग का होने को चिकित्सकीय भाषा में ब्लैक स्टूल बोला जाता है। डेंगू वार्ड में 14 अगस्त से अभी तक 75 बच्चे भर्ती हुए हैं, 67 मरीज ठीक हो चुके हैं। इनमें से तीन बच्चों में ब्लैक स्टूल की परेशानी मिली है। तीनों बच्चे ठीक हो गए हैं।
तीन बच्चों और पांच बड़ों में मिली यह परेशानी
मेडिसिन विभाग के डेंगू वार्ड प्रभारी डॉ. मृदुल चतुर्वेदी ने बताया कि डेंगू के गंभीर मरीजों में ब्लैक स्टूल की भी दिक्कत मिली है। इससे लिवर में सूजन, पेट में अल्सर हो रहे हैं। डेंगू से हालत बिगड़ने पर यह परेशानी देखी जा रही है। खासतौर से डेंगू के बिगड़े मर्ज में तीन बच्चों और पांच वयस्कों में यह परेशानी मिली।
रक्तस्राव भी है वजह
एसएन कॉलेज के बाल रोग विभाग के डॉ. नीरज यादव ने बताया कि फिरोजाबाद के बच्चों में ब्लैक स्टूल मिल रहा है। इसकी एक वजह रक्तस्राव भी है। इससे मल का रंग काला हो रहा है। इससे बच्चों में घबराहट, उल्टियां करना, पेट में दर्द समेत अन्य परेशानियां होने लगती हैं। इसकी वजह डेंगू का स्ट्रेन-2 भी वजह है। यह स्ट्रेन शरीर के लगभग हर अंग को प्रभावित कर रहा है।
बरतें सावधानी
- मरीज के शरीर में पानी की कमी न हो।
- नारियल पानी, जूस, उबला हुआ पानी पिलाएं।
- बुखार आने पर डॉक्टरों से परामर्श से दवाएं लें।
- पेट में दर्द, उल्टी और घबराहट होने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।