फिरोजाबाद: उपले हटाने को लेकर हुए विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या
- ग्रामसभा की जमीन पर उपले हटाने को लेकर हुआ था विवाद
- आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, एक युवक हिरासत में लिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी के गांव भरतपुरा में गुरुवार सुबह ग्राम सभा की जमीन पर रखे उपले हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
थाना नारखी के गांव भरतपुरा निवासी राजेंद्र सिंह यादव के पुत्रों ने ग्रामसभा की जमीन पर बाजरा की करब रख ली थी। इसके पास ही गांव के सुनील ने उपले रखे थे। आरोप है कि राजेंद्र सिंह का पुत्र विनय यादव और अन्य पुत्र उपले रखने का विरोध कर रहे थे। इस पर दोनों पक्षों के बीच बृहस्पतिवार सुबह विवाद हो गया।
राजेंद्र सिंह के पुत्रों ने अपने साथियों के साथ सुनील के घर धावा बोल दिया। हाथों में लाठी-डंडे, फरसा और तमंचे लेकर ये लोग सुनील से गाली-गलौज करने लगे। शोरशराबे की आवाज सुनकर सुनील का चचेरा भाई भूपेंद्र उर्फ भुल्ला (18) भी गया। भूपेंद्र ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने पथराव करते हुए फायरिंग कर दी।
युवक के कंधे पर लगी थी गोली
फायरिंग में एक गोली सीधे भूपेंद्र के सीने में लगी। भूपेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन भूपेंद्र का सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, सीओ टूंडला देवेंद्र सिंह, कार्यवाहक थाना प्रभारी नारखी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है। घटना के संबंध में भूपेंद्र के भाई हरीकिशन की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया।
इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई
भूपेंद्र के भाई हरीकिशन की तहरीर पर पुलिस ने राजेंद्र सिंह यादव के पुत्र विनय उर्फ करुआ, अवधेश, दिनेश, संतोष, सत्येंद्र पुत्र अवधेश, जौनी पुत्र संतोष, विपिन पुत्र अवधेश और जीतू पुत्र दिनेश के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, गाली-गलौज की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र ने बताया कि थाना नारखी के गांव भरतपुरा में बाजरा की करब के पास रखे उपले हटाने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद में युवक भूपेंद्र की हत्या कर दी गई। मामले में भूपेंद्र के भाई की तहरीर पर आठ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।