बैंक डकैती कांड: 50 अपराधियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस, लुटेरों का अब तक नहीं सुराग
आगरा के रोहता स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में 56.92 लाख रुपये की लूट की घटना में पुलिस पांच दिन बाद भी खाली हाथ है। गिरोह तक के बारे में सुराग नहीं लग सका है। पुलिस 50 अपराधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह या तो पूर्व में लूटपाट की घटनाओं में शामिल रहे हैं या फिर बैंक लूट में भी नाम आया था। इन्हें जेल भेजा गया था। यह अब कहां हैं, जेल में या जमानत पर रिहा हो गए। इनकी सूची तैयार की जा रही है।
15 दिसंबर की शाम को रोहता स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में चार बदमाशों ने 56.94 लाख रुपये की लूट की थी। घटना के बाद बदमाश रोहता गांव होते हुए भाग गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए थे। इसमें बदमाश नजर आ गए थे। दो बदमाश बाइक में धक्का लगाकर ले जाते हुए दिखे थे। मगर, बदमाशों के चेहरे साफ नहीं थे। वह मंकी कैप और हेलमेट पहनकर आए थे।
पुलिस ने बदमाशों के भागने वाले रूट को देखा। सौ से ज्यादा पुलिसकर्मी लगाए गए। पांच आईपीएस भी लगे, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। पुलिस पांच दिन में गैंग के बारे में भी सुराग नहीं लगा सकी है। यह भी पता नहीं चल सका है। कितने बदमाश शामिल थे? रेकी की तो किसने की? उधर, पुलिस पूर्व में बड़ी वारदात और बैंक डकैती में शामिल रहे बदमाशों के बारे में जानकारी जुटा रही है। 50 से अधिक बदमाशों के नामों की सूची तैयारी की गई है। इनके बारे में पुलिस गोपनीय जानकारी जुटा रही है।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी हैं। कई पुराने अपराधियों का भी रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है। कई बिंदुओं पर टीमें काम कर रही हैं।
चर्चा : मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी
पुलिस महकमे में चर्चा है कि लखनऊ में मुख्यमंत्री ने डीजीपी के समक्ष घटना पर नाराजगी जाहिर की है। इसके बाद एसएसपी बबलू कुमार ने सभी अधीनस्थों के साथ बैठक की। केस की प्रगति के बारे में पता किया।
सत्यापन में लगाईं ईगल मोबाइल
खुलासे के लिए एसएसपी ने पांच अधिकारियों के साथ दस टीमें लगाई हैं। शुक्रवार को 40 ईगल मोबाइल को भी इसी काम में लगा दिया गया। ईगल मोबाइल पूर्व में अपराधियों का सत्यापन करती रही है। उनके बारे में जानकारी जुटाती है। अब लूटकांड के खुलासे के लिए भी ईगल को लगाया गया है।