जैथरा (एटा)। धुमरी क्षेत्र के गांव खिरिया खवां में रविवार को ग्रामीणों ने आवारा गोवंश को सरकारी स्कूल में बंद कर दिया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद भी ग्रामीणों ने गोवंश को आजाद नहीं किया।
क्षेत्र में आवारा गोवंश किसानों की फसल के दुश्मन बने हुए हैं। इसकी वजह से किसानों को रात दिन अपने खेत पर रह कर अपनी फसलों की रखवाली करनी पड़ रही है। रविवार को आवारा गोवंश को गांव के सरकारी विद्यालय में बंद कर दिया। किसानों ने आवारा गोवंशों को विद्यालय में बंद करने की जानकारी क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के पुत्र जीतू सिंह राठौर को फोन से दी। जिन्होंने किसानों को आवारा गोवंशों को गांव रूपधनी की गोशाला में भेजने के लिए कहा। इसे किसानों ने अन सुना कर दिया। सोमवार से सभी विद्यालय विधिवत खुलने वाले हैं। वहीं विद्यालय में बंद आवारा गोवंश पठन पाठन में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। आवारा गोवंशों से परेशान किसानों ने गोवंशों की समुचित व्यवस्था करने की प्रशासन से मांग की है। मांग करने वालों में किसान धर्मवीर, ओमेंद्र, विकासचंद्र, राम स्वरूप, नरेश चौहान शामिल हैं।