मथुरा में कोरोना का कहर: एक दिन में पांच मरीजों ने तोड़ा दम, 130 लोग संक्रमित मिले
जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 134 हो गई है। शनिवार को 130 लोग संक्रमित भी मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा जिले में शनिवार को पांच कोरोना मरीजों की मौत हो गई। जबकि स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण से तीन मरीजों की मौत होने की पुष्टि की है। जिले में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 134 हो गई है। शनिवार को 130 लोग संक्रमित भी मिले। इससे संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 8721 हो गया है। इनमें 1195 सक्रिय मामले हैं।
केएम मेडिकल कॉलेज में डीग गेट अर्जुनपुरा निवासी एक महिला समेत दो कोरोना मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। मंडी रामदास निवासी एक व्यक्ति की आगरा के अस्पताल में कोरोना संक्रमण से मृत्यु हो गई। इधर, शहर के अधिवक्ता की मौत केडी मेडिकल कॉलेज में हुई है।
कोरोना संक्रमित होने के बाद अधिवक्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दूसरी ओर जालसाजी के कई मामलों में वांछित बिल्डर की नयति अस्पताल में मृत्यु हो गई। वह भी कोरोना संक्रमित था। हालांकि इन दो मौतों की कोरोना संक्रमण से पुष्टि अभी स्वास्थ्य विभाग ने नहीं की है।
यहां मिले नए मरीज
वृंदावन के सुनरख बांगर, राजपुर खादर, मदनमोहन घेरा, अखंड़ानंद आश्रम, संत कॉलोनी, आनंद वाटिका, इस्कॉन मंदिर, ओमैक्स सिटी, गुरुकुल रोड, के अलावा मथुरा में कृष्णानगर, गुरुनानक नगर, कृष्णापुरम आवासीय कॉलोनी, जयसिंह पुरा, डैंपियर, राधावैली, गोविंद नगर, चूना कंकड़, टाउनशिप मथुरा, रिफाइनरी नगर, मधुवन एन्क्लेव महोली, अशोका सिटी, सदर बाजार, लाडपुर, चन्द्रपुरी, आर्यनगर, प्रहलाद नगर, मोहन नगर में कोरोना संक्रमित मिले हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी बंद
कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद शनिवार से जिला अस्पताल में ओपीडी सेवा बंद कर दी गई है। संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों के लिए फ्लू क्लीनिक बनाया गया है। इसके अलावा सुबह 8 से शाम 4 बजे तक रोगी विशेषज्ञ चिकित्सकों से मोबाइल पर चिकित्सकीय परामर्श ले सकेंगे।
हर दिन की तरह शनिवार को सुबह जब मरीज जिला अस्पताल अपना पर्चा बनवाने पहुंचे तो उन्हें ओपीडी बंद होने की जानकारी दी गई। ओपीडी बंद होने की जानकारी के बाद मरीज वापस लौट गए। इधर अस्पताल प्रशासन द्वारा गंभीर रोगियों के उपचार की फ्लू क्लीनिक बनाया है।