कोरोना टीकाकरण: आगरा में पहले दिन 1600 स्वास्थ्य कर्मचारियों को लगेगी वैक्सीन
- कोरोना वायरस की वैक्सीन ताजनगरी में लखनऊ से पहुंचेंगी। यह 14 जनवरी को आ सकती है। 16 जनवरी से टीकारण शुरू हो जाएगा। पहले दिन 1600 कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसकी तैयारियां स्वास्थ्य विभाग ने कर ली हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि शासन ने पूरे प्रदेश में कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाने के लिए 850 सत्र तय किए हैं। प्रत्येक सत्र में 100-100 कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। आगरा में अभी 16 सत्र की मंजूरी मिली है। इस तरह से पहले दिन 1600 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगेगा।
कोरोना वायरस के मरीजों के इलाज में लगे स्टाफ को टीका लगाने में प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन के साथ बैठक कर कर्मचारियों और 16 बूथ के नाम तय किए जाएंगे। व्यक्ति को जिस कंपनी का टीका लगेगा, उसी कंपनी की दूसरी डोज 28वें दिन लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुणे से कोरोना वायरस की वैक्सीन की वॉइल लखनऊ डिपो तक हवाई जहाज से आएंगी। वहां से कार से आगरा भेजी जाएंगी। कार में आवश्यक तापमान के मिनी डीप फ्रीजर होंगे। इनसे निकालकर वैक्सीन सीएमओ ऑफिस में बने वैक्सीन भंडारण कक्ष में रखी जाएंगी। यहीं से बूथों पर पहुंचाई जाएंगी।
68 केंद्रों पर 1020 कर्मचारियों पर टीके का पूर्वाभ्यास आज
कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाने का पूर्वाभ्यास सोमवार को 68 केंद्रों पर 1020 कर्मचारियों पर किया जाएगा। इसमें हर केंद्र पर 15-15 कर्मचारी भाग लेंगे। डमी पोर्टल पर उनके फोन पर मैसेज भेज दिए गए हैं। इन बूथों पर 476 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह दस बजे से ट्रायल शुरू होगा।
इसके लिए एसएन मेडिकल कॉलेज-चार, जिला अस्पताल, लेडी लॉयल, सिनर्जी अस्पताल, रवि हॉस्पिटल, कमलेश टंडन हॉस्पिटल, श्रीकृष्णा हॉस्पिटल, पुष्पांजलि अस्पताल-दो, स्पर्श मल्होत्रा, रेलबो हॉस्पिटल-दो, बुंदू कटरा, छत्ता, दहतोरा मोड, देवरी रोड, हरीपर्वत पूरब-पश्चिम, इस्लाम नगर, जगदीशपुरा, यमुनापार, जीवनीमंडी, लोहामंडी मंटोला, नगला पदी, नाऊ की सराय, नरीपुरा, नरायच, नया घेर, बल्केश्वर, रकाबगंज उत्तर-दक्षिण, रामनगर, शाहगंज एक-दो, सेवला, सिकंदरा, ताजगंज, विभव नगर, पिनाहट, शमसाबाद, एत्मादपुर, बाह, बिचपुरी, खंदौली, अकोला, फतेहपुर सीकरी, सैंया, अछनेरा-दो, जैतपुर कलां, खेरागढ़, बरौली अहीर और फतेहाबाद में केंद्र बनाए गए हैं।
सीसीटीवी से रहेगी वैक्सीन पर निगरानी
वैक्सीन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखी जाएंगी। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। पुलिसकर्मियों का पहरा रहेगा। वैक्सीन स्टोर से वैक्सीनेशन केंद्र तक लाने ले जाने के दौरान दो पुलिसकर्मी साथ रहेंगे। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि सीएमओ कार्यालय स्थित डिस्ट्रिक्ट वैक्सीन सेंटर, जालमा व एसएनएमसी समेत तीन स्टोर बनाए गए हैं।