टूंडला। कोरोना बीमारी के चलते दो दिन के पूर्ण लॉकडाउन के बाद बुधवार को एक बार फिर से लॉकडाउन की जमकर धज्जियां उड़ीं। किराना, मेडीकल और दूध की दुकानों के अलावा भी अन्य सभी दुकानें खोली गईं। भीड़ का आलम यह था कि हर तरफ भीड़ नजर आ रही थी। टूंडला में लॉकडाउन की पाबंदियों को ताक पर रखकर लोग लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा रहे हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए अमर उजाला ने मुहिम बनाते हुए पालन कराने के लिए पहल की थी। प्रशासन ने अमर उजाला की खबरों का संज्ञान लेते हुए गत सोमवार से दो दिन की पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी। इस दौरान सिर्फ मेडिकल और दूध की दुकानों को ही खुलने दिया था। दो दिन के बाद जब बुधवार को पुन: बाजार खुला तो लोगों की भीड़ की भीड़ बाजार में उमड़ पड़ी।
एक-एक दुकान पर 10 से 20 लोग सामान खरीदने के लिए बिना सामाजिक दूरी के खड़े दिखाई दिए। आलम यह था कि दूध, सब्जी, फल, मेडिकल के अलावा हर तरह की दुकानें खुली हुई थीं। परचून, जनरल स्टोर, रेेडीमेड, मोबाइल आदि की दुकानें खुलीं रहीं। इन सभी दुकानों पर काफी भीड़ रही। थाना प्रभारी टूंडला ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि ऊपर से आदेश हैं कि फल, सब्जी, मेडिकल स्टोर आदि खुले रहेंगे। इन आदेशों के अनुपालन में दुकानें खुल जातीं हैं, जब दुकानें खुलती हैं तो लोग खरीदने आते हैं, जिन्हें रोका नहीं जा सकता। बृहस्पतिवार से पूर्ण रूप से सील के आदेश नहीं आए हैं, अगर ऐसे आदेश आते हैं, तो कोई भी दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।