मुख्यमंत्री योगी ने मांगी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के कार्यक्रम की रिपोर्ट, मथुरा प्रशासन में खलबली
- रिपोर्ट में पूछा गया- कोविड-19 के नियमों का कितना पालन हुआ, मंदिर में प्रवेश के समय किस तरह हुई कोरोना की जांच
- मथुरा में नृत्य गोपालदास पाए गए हैं कोरोना पॉजिटिव, कार्यक्रम में हुए थे शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में जन्माष्टमी पर आयोजित जन्मोत्सव की रिपोर्ट शासन ने मांगी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन को गंभीरता से लिया और कार्यक्रम की पूरी जानकारी लेने के निर्देश दिए थे।
बताया जा रहा है कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान में कोविड-19 के नियमों का कितना पालन किया गया, इसकी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। चर्चा है कि कार्यक्रम में नियमों का पालन न करने वाले लोगों पर गाज गिर सकती है। जन्मभूमि परिसर में पहुंचने वाले लोगों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है।
संबंधित खबर- कई दिन पहले से ही कोरोना संक्रमित थे नृत्यगोपाल दास, मथुरा के स्वास्थ्य विभाग ने अयोध्या भेजा पत्र
महंत नृत्यगोपाल दास के कोरोना संक्रमित होने से शासन-प्रशासन में खलबली मची है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि महंत मथुरा आने से पहले ही कोरोना से संक्रमित थे, लेकिन यहां उनकी तबियत खराब होने पर जांच की गई तो इसका खुलासा हुआ। इस दौरान महंत काफी लोगों से मिले और श्रीकृष्ण जन्मस्थान में सरयू के जल से भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक किया था। जन्मस्थान संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी महंत के साथ थे। तीनों लोग मास्क नहीं लगाए थे।
इनके अलावा जब जन्मस्थान परिसर और भागवत भवन में लगभग 400 लोग मौजूद थे। महंत की तबियत मथुरा पहुंचने के दौरान भी खराब थी। इस तरह की खबरें जब मीडिया में चलीं तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र से जानकारी ली। बताया जाता है कि अब मुख्यमंत्री के आदेश पर शासन ने जन्मोत्सव की रिपोर्ट मांगी है।
जन्मस्थान में लगे सीसीटीवी खोलेंगे राज
श्रीकृष्ण जन्मस्थान में विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी लगे हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तस्वीरें सीसीटीवी में हैं। जन्मोत्सव पर यहां कितनी संख्या थी, कितने लोगों ने मास्क लगाए थे। सामाजिक दूरी का पालन किया गया या नहीं। जन्मस्थान में प्रवेश के समय वहां पहुंचने वाले लोग सैनिटाइज किस तरह किए गए। सभी प्रकार की गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हैं। यदि सीसीटीवी की जांच की जाए तो सभी राज खुल जाएंगे।
जिलाधिकारी सर्वज्ञराज मिश्र ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से शासन को सभी जानकारी दी गई है। कोविड-19 से संबंधित जानकारियों की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग ने तैयार की है। शासन स्तर से जो भी जानकारी मांगी जा रही है उपलब्ध करा रहे हैं।