सिढ़पुरा। उप जिलाधिकारी पटियाली ने चिकित्सकों की टीम के साथ कस्बा में संचालित सविता क्लीनिक पर छापा मारा। छापे के बाद क्लीनिक के अवैध पाए जाने पर क्लीनिक व मेेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया, जिससे चिकित्सकों में खलबली मच गई। कई चिकित्सक और मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
उप जिलाधिकारी पटियाली प्रेम नारायण सिंह को धुमरी रोड पर अवैध रूप से क्लीनिक व मेडिकल स्टोर के संचालन की सूचना मिली। इस सूचना के बाद वे स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सविता क्लीनिक पर पहुुंच गए। टीम ने क्लीनिक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय मरीजों का इलाज चलता मिला। मेडिकल स्टोर में रखी दवाओं का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर मौजूद डॉक्टर से जब क्लीनिक एवं मेडिकल से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वह कागज नहीं दिखा सके। इसके बाद क्लीनिक एवं मेडिकल स्टोर को मौके पर ही सील कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि चिकित्सक के पास पर्याप्त डिग्री नहीं थी। क्लीनिक का पंजीकरण व मेडिकल का लाइसेंस भी नहीं दिखाया गया। चिकित्सक को नोटिस देकर साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है। छापामार कार्रवाई के दौरान डॉ. विनायक, बीपीएम प्रेम कुमार, मलेरिया निरीक्षक विशाल, टीपी सिंह मौजूद रहे।