सेहत के साथ खिलवाड़: व्यापारी बना रहा था हृदय, कैंसर, किडनी की नकली दवाएं, हिमाचल प्रदेश की टीम ने दबोचा
सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाला आगरा निवासी कारोबारी पैसों के लिए मौत का सौदागर बन गया। वह रोगियों की पीड़ा को नजरअंदाज करते हुए हृदय, कैंसर, किडनी की नकली दवाएं बनाने लगा। हिमाचल प्रदेश की टीम ने उसे गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा का कारोबारी हिमाचल प्रदेश के बद्दी में नकली दवाएं बनवाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। वहां की औषधि विभाग की टीम ने कमला नगर निवासी मोहित बंसल समेत तीन को कार में दवाएं लेकर जाते पकड़ा था। इसकी फैक्टरी भी सील कर दी थी। ये हृदय, कैंसर, किडनी समेत अन्य गंभीर रोगों की नकली दवाएं बनवाता था।
यहां बनती थीं नकली दवाएं
सहायक आयुक्त औषधि अखिलेश जैन ने बताया कि बीते साल नवंबर में बद्दी में स्थानीय औषधि विभाग की टीम ने नकली दवाएं लेकर जाते हुए कमला नगर रामकुंज कॉलोनी निवासी मोहित बंसल को पकड़ा था। इसकी बद्दी में फैक्टरी भी सील कर दी थी। यहां कैंसर, किडनी, मधुमेह, लिवर समेत अन्य मर्ज की नकली दवाएं बनती थीं।
यह भी पढ़ेंः- Agra News: दो हजार के नकली नोटों के साथ पकड़ा गया कारोबारी, बैंक में जमा करने पहुंचा था 2.85 करोड़ रुपये
औषधि विभाग ने की छापेमारी
वहां की औषधि विभाग की सूचना पर कमलानगर थाना क्षेत्र के रामकुंज कॉलोनी निवासी मोहित बंसल के फव्वारा स्थित एमएच फार्मा पर छापा मारा था, जो बंद मिला था। इसे सील कर नोटिस चस्पा कर दिया था। इसके घर पर भी सिटी मजिस्ट्रेट आनंद कुमार के नेतृत्व में छापा मारा था।
मोहित बंसल जेल में है बंद
घर की दूसरी मंजिल पर दो कमरों पर ताला लगा था। परिजन से चाबी मांगी तो उन्होंने कहा कि चाबी नहीं है। ऐसे में ताला तोड़कर जांच की। यहां दवाएं तो नहीं मिली लेकिन रिकॉर्ड मिले थे। मोहित बंसल अभी जेल में है। मामला कोर्ट में है।